🔳 तहसील मुख्यालय में संयुक्त बैठक में दिए अहम दिशा निर्देश
🔳 व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने पर दिया जोर
🔳 लापरवाही कतई बर्दाश्त न करने की दी चेतावनी
🔳 तहसील के समीप चिह्नित स्थल पर लगाया जाएगा पटाखा बाजार
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
श्री कैंची धाम तहसील मुख्यालय में हुई बैठक में उपजिलाधिकारी मोनिका ने विभागीय अधिकारियों को दीपावली महापर्व के मद्देनजर अहम दिशा निर्देश दिए। कोताही कतई बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी। पटाख़ा बाजार चिह्नित स्थल पर लगाने व नियमों का पालन करने पर जोर दिया।
बुधवार को तहसील सभागार में पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, दमकल विभाग व व्यापार मंडल की संयुक्त बैठक हुई। बेतालघाट के व्यापरिक संगठन भी ऑनलाइन बैठक से जुड़े। उपजिलाधिकारी मोनिका ने दीपावली महापर्व के दौरान व्यवस्था चाक चौबंद करने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बर्न वार्ड तैयार करने, समुचित चिकित्सकों व दवाईयों की उपलब्धता तथा एंबुलेंस की तैनाती पर जोर दिया। चौकी प्रभारी कैंची व खैरना को बाजार क्षेत्र में पटाखा बाजार चिह्नित स्थल पर ही लगवाने तथा नियमों का उल्लघंन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। व्यापार मंडल पदाधिकारियों से भी सहयोग की अपील की। पटाख़ा व्यापारियों से समय पर लाइसेंस बनवाने तथा दमकल विभाग से पटाखा बाजार के आसपास व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। इस दौरान तहसीलदार नेहा टम्टा, राजस्व निरीक्षक नरेश असवाल, उपनिरीक्षक शकील अहमद, चौकी प्रभारी हर्ष बहादुर पाल, हनुमान सिंह, व्यापर मंडल अध्यक्ष मनीष तिवारी, गजेंद्र सिंह नेगी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बालम पिनारी, भुवन पिनारी, तारा भंडारी , अतुल भंडारी आदि मौजूद रहे।




