🔳 केंद्र सरकार की क्षेत्र विस्तार योजना का मिलेगा लाभ
🔳 पहले चरण में दस किसानों का किया जाएगा पंजीकरण
🔳 अनुदान में पॉलीहाउस स्थापित करने का कार्य भी शुरु
🔳 20 किसान जबकि सरकार से मिलेगा 80 फीसद अंशदान
🔳 योजना से लाभान्वित होने के लिए उद्यान विभाग ने मांगे आवेदन
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
जंगली जानवरों व बंदरों के उत्पात से परेशान कोसी घाटी के किसानों के लिए उद्यान विभाग से राहत देने वाली खबर सामने आई है। विभाग ने अखरोट का बगीचा विकसित करने के लिए योजना का श्रीगणेश कर दिया है। पहले चरण में दस किसानों से आवेदन मांगे गए हैं वहीं अनुदान में पॉलीहाउस स्थापित किए जाने के लिए भी किसानों जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। उद्यान विभाग के गरमपानी केंद्र प्रभारी अजय जोशी के अनुसार दोनो ही योजनाओं से किसानों को लाभान्वित किए जाने को गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।
गांवों में जंगली जानवर व बंदर खेती के लिए अभिशाप बन चुके हैं। लगातार खेती चौपट होने से जमीनें बंजर होती जा रही है। लगातार नुकसान होने से किसानों का खेतीबाड़ी से मोहभंग होता जा रहा है। किसानों को लाभान्वित करने व उनकी आर्थिकी सुधारने को उद्यान विभाग ने गंभीरता से कदम बढ़ा दिए हैं। केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी क्षेत्र विस्तार योजना के तहत अखरोट का बगीचा विकसित करने की कवायद को अमली जामा पहनाने की कवायद तेज कर दी है। योजना के तहत पहले चरण में दस किसानों को योजना से जोड़ने की रणनीति तैयार की गई है। बाजार में करीब 550 रुपये में मिलने वाला अखरोट का पौधा किसानों को निशुल्क उपलब्ध करवाया जाएगा। भूमि चयन व आवश्यक जमीनी अभिलेख उपलब्ध होने व जांच के बाद बगीचा विकसित करने का कार्य शुरु होगा। खास बात यह है की अखरोट को जंगली जानवर व बंदर नुकसान नहीं पहुंचाते ऐसे में किसानों को बेहतर लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं नाबार्ड की मदद से पॉलीहाउस योजना से भी किसानों को जोड़ने के लिए अनुदान में पॉलीहाउस उपलब्ध कराने की योजना शुरु कर दी गई है। सामान्य व अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों के लिए पचास वर्ग मीटर पॉलीहाउस की कीमत 19675 जबकि सौ वर्ग मीटर के लिए 36683 रुपये कीमत तय की गई है। योजना के तहत किसानों को महज बीस फिसदी हिस्सा जमा करना होगा जबकि 80 फीसद अंशदान राज्य सरकार से विभाग को मिलेगा। उद्यान केंद्र गरमपानी प्रभारी अजय जोशी ने बताया की दोनों योजनाओं से किसानों को जोड़ने के लिए पंजीकरण किया जा रहा है। योजनाओं से निश्चित रुप से किसानों की आर्थिकी में सुधार होगा।




