🔳 समुचित वोल्टेज के अभाव में पंपिग पेयजल योजना से आपूर्ति प्रभावित
🔳 दूर दराज से पानी ढोने को मजबूर हुए ग्रामीण
🔳 बिजली की आंख मिचौली भी बनी मुसीबत
🔳 घंटों आपूर्ति ठप रहने से चढ़ने लगा ग्रामीणों का पारा
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से सटे तमाम गांवों में विद्युत आपूर्ति बड़ा संकट बन गई है। समुचित वोल्टेज उपलब्ध न होने से कोसी नदी पर बनी महत्वाकांक्षी शेर पंपिग पेयजल योजना से भी गांवों के लोगों को समुचित पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा। गांवो में भी घंटों विद्युत आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों को तमाम परेशानियों से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों ने तत्काल व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई है।
हाईवे पर नावली क्षेत्र में कोसी नदी पर बनी शेर पंपिग पेयजल योजना से आसपास के तमाम गांवों को पेयजल आपूर्ति की जाती है। पिछले कई दिनों से गांवों के लोगों को समुचित पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा। मजबूरी में गांवों के लोग दूरदराज से पानी ढोने को मजबूर हैं। वोल्टेज के अभाव में समुचित पंपिंग ने हो पाने से गांवों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। समीपवर्ती पजीना, जाख, काकड़ीघाट, सूरी, गडस्यारी, नौगांव, जनता, बहरु, डूगरा, खान समेत तमाम गांवों में भी विद्युत आपूर्ति बड़ी समस्या बन चुकी है। जिला पंचायत सदस्य निशा कनवाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोपाल कनवाल, पंकज सिंह परिहार, महेंद्र कनवाल, कुनाल रावत, गणेश फर्त्याल के अनुसार पिछले कई महिनों से संकट बढ़ता ही जा रहा है पर सुध नहीं ली जा रही जिसका खामियाजा गांवों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति न होने से गांवों में बूंद बूंद पानी को हाहाकार मचा हुआ है। आरोप लगाया की लगातार समस्या बने रहने के बावजूद विद्युत विभाग गांवों की अनदेखी पर आमादा हो चुका है। ग्रामीणों ने भी दो टूक चेतावनी दी है की उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो फिर विद्युत विभाग के कार्यालय में ही धरना दिया जाएगा। विद्युत विभाग के एसडीओ आयुष चौहान के अनुसार बागेश्वर के 132 केवी के सबस्टेशन बिजलीघर को नुकसान होने से नैनी (मजखाली) से सप्लाई बागेश्वर को दी जा रही है। बमस्यू स्थित बिजलीघर को भी नैनी से ही सप्लाई मिलती है। अब गरमपानी से गांवों में आपूर्ति की जाएगी। जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी।




