Breaking-News

पार्किंग व्यवस्था ना होने से हो रही फजीहत
मरीजों को भी करना पड़ रहा परेशानी का सामना

गरमपानी : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी व पुलिस चौकी के समीप अस्थाई पार्किंग निर्माण किए की मांग जोर पकड़ने लगी है। व्यापारी नेताओं का कहना है कि अस्पताल के समीप पार्किंग निर्माण आवश्यक है ताकि मरीजों को लाने ले जाने में दिक्कतों का सामना ना करना पड़े।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी तमाम गांवों के मध्य में स्थित है। आसपास के गांवों के लोग मरीजों को अस्पताल लेकर पहुंचते हैं। अस्पताल भवाली अल्मोडा़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर खैरना चौराहे से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर स्थित है। अस्पताल के समीप पुलिस चौकी भी है जिस वजह से लोगों का चौकी में आना जाना भी रहता है। समुचित जगह ना होने से कई बार वाहनों की आवाजाही परेशानी का सबब बन जाती है। मरीजों को लाने ले जाने वाली आपातकालीन सेवा एंबुलेंस आदि तथा मरीजों की निजी वाहन भी हाईवे से अस्पताल तक बने रास्ते में जाम में फंस जाते हैं। कई बार मरीजों को हाईवे से ही डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर स्थित अस्पताल तक पैदल पहुंचाना पड़ता है। कभी मजबूरी में स्टेचर की मदद से अस्पताल तक ले जाया जाता है। अस्पताल व चौकी के आसपास काफी सरकारी भूमि भी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सरकारी भूमि पर अस्थाई पार्किंग का निर्माण किया जाए तो काफी हद तक परेशानी से निजात मिल सकेगी। व्यापारी नेता महिपाल बिष्ट, दिपेंद्र त्रिपाठी, महेंद्र सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह बिष्ट,फिरोज अहमद, पूरन लाल साह, शिवराज सिंह बिष्ट, जगमोहन सिंह जलाल,संजय बिष्ट आदि लोगों ने अस्पताल व चौकी के समीप अस्थाई पार्किंग निर्माण किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। कहा है कि मामले को जिला अधिकारी को भी पत्राचार किया जाऐगा।