🔳दिन निकलने के साथ ही चारों ओर धुंध से सख्ते में आए क्षेत्रवासी
🔳बतखीला व ढोकाने क्षेत्र में धधकी आग की लपटें हुई विकराल
🔳वन कर्मियों व स्थानीय लोगो ने आवासीय मकान को चपेट में आने से बचाया
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

जंगलों में धधक रही आग से उठ रहे धुएं से कोसी घाटी में दिन भर धुंध छाई रही। बेतालघाट ब्लॉक के बुधलाकोट गांव के बतखीला तोक व रामगढ़ ब्लॉक के ढोकाने क्षेत्र में धधकी आग ने वन संपदा को जलाकर राख कर डाला। वन विभाग व ग्रामीणों ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। बतखीला तोक में आवासीय मकान के नजदीक तक पहुंची आग को भी समय रहते बुझा दिया गया।
शुक्रवार को कोसी घाटी के बाशिंदे सुबह जब घरों से बाहर निकले तो पूरे क्षेत्र में धुंध छाए रहने से सख्ते में आ गए। पूरे दिन कोसी घाटी में धुंध छाई रही। इधर बुधलाकोट गांव के बतखीला तोक में आग ने खूब तांडव मचाया। देर रात से धधकी आग दिन चढ़ने के साथ ही विकराल होती चली गई। स्थानीय लीलाधर बुधलाकोटी के आवासीय मकान तक आग पहुंचने से अफरा तफरी मच गई। मामले की सूचना स्थानीय चंद्रशेखर बुधलाकोटी ने वन विभाग व गांव के लोगों को दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों व वन विभाग के कर्मचारियों ने बामुश्किल आग को काबू कर आवासीय भवन को बचा लिया। जंगल में धधकी आग से कई चीड़ के पेड़ भी जलकर राख हो गए जबकि बेशकिमती वन संपदा को भी भारी नुकसान पहुंचा है। रामगढ़ ब्लॉक के ढोकाने क्षेत्र में भी जंगल से उठी आग की लपटों पर वन विभाग की टीम ने बामुश्किल काबू पाया।

error: Content is protected !!