🔳वन संपदा व मवेशियों की चारा पत्ती भी हुई राख
🔳जंगल से उठी आग की लपटों ने धारण किया विकराल रुप
🔳ग्रीष्मकाल से पहले ही जंगल चढ़ रहे आग की भेंट
🔳ग्रामीणों ने उठाई जंगलों को बचाने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

पर्वतीय क्षेत्रों में जंगलो के आग से खाक होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। एक के बाद एक जंगल आग की चपेट में आकर राख होते जा रहे हैं। वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है बावजूद जंगलों को आग से बचाने को ठोस उपाय नहीं किए जा रहे। ग्रीष्मकाल से पहले ही जंगलों में आग की घटनाओं से गांव के बाशिंदे भी चिंतित हैं। ग्रामीणों ने जंगलों को आग से बचाने को ठोस उपाय किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
बीते रोज समीपवर्ती छाती गांव से सटा जंगल आग से राख होने के बाद गुरुवार को खुशालकोट गांव के समीप स्थित जंगल आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रुप ले लिया। जंगल से उठी रही आग की लपटों से गांव के बाशिंदे भी दहशत में आ गए। कुछ ही देर में आग जंगल के बड़े हिस्से में पहुंच गई। जंगल से धुएं का गुबार उठता रहा। भीषण आग ने जंगल में कई हेक्टेयर वन संपदा को जलाकर खाक कर डाला जबकि मवेशियों की चारा पत्ती को नुकसान पहुंचा है। गांवों से सटे जंगलों के लगातार आग से नुकसान होने से गांव के बाशिंदे भी चिंतित हैं। स्थानीय गजेन्द्र सिंह नेगी ने जंगलों को हो रहे नुकसान के बावजूद वन विभाग के लापरवाह बने रहने पर गहरी नाराजगी जताई है। कभी भी बड़ी घटना के सामने आने का अंदेशा भी जताया है। गांवों के बाशिंदों ने वनों को आग से बचाने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि लापरवाह रवैया अपनाया गया तो फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।

error: Content is protected !!