🔳 कार्यों को गति न मिलने व विकास कार्य ठप होने का लगाया आरोप
🔳 अधिकांश पद प्रभारियों के भरोसे होने पर जताई नाराजगी
🔳 अफसरों पर लगाया कोसी घाटी की उपेक्षा किए जाने का आरोप
🔳 नए कर्मियों की तैनाती के बाद ही स्थानांतरण करने की उठाई मांग
🔳 मनमाने रवैए पर आंदोलन की रणनीति का ऐलान
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक में कर्मचारियों की लगातार कमी के बावजूद स्थानांतरण प्रक्रिया पर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पदाधिकारियों ने कर्मचारियों के रिक्त पदों पर जल्द तैनाती की मांग उठाई है वहीं स्थानांतरण प्रक्रिया रोकने पर जोर दिया है। आरोप लगाया है की कर्मचारियों के पद रिक्त होने से गांवो में होने वाले कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अधिकांश पदों पर भी प्रभारी के जरिए कार्य संचालित करवाए जा रहे हैं।
बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय कार्यालय समेत तमाम अन्य विभागों में कर्मचारियों का टोटा बना हुआ है। अधिकारियों व कर्मचारियों की लगातार कमी से विकास कार्य प्रभावित होने लाजिमी है। कर्मचारियों के बढ़ते संकट पर अब ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। कांग्रेसियों ने कर्मचारियों के लगातार स्थानांतरण पर नाराजगी जताई है। आरोप लगाया की क्षेत्र की उपेक्षा की जा रही है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शेखर दानी के अनुसार ब्लॉक मुख्यालय में ही अधिकांश पद रिक्त पड़े है जिस कारण विकास कार्यों को गति नहीं मिल पा रही। बीडीओ के पद पर प्रभारी से कार्य संचालित है जबकि एडीओ पंचायत का पद भी रिक्त पड़ा हुआ है। महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष चंपा बोहरा, विनोद तिवारी, सुरेश आर्या ने आरोप लगाया की कर्मचारियों को स्थानांतरित तो कर दिया जा रहा है पर उनके स्थान पर नए कर्मचारियों की तैनाती नहीं की जा रही। विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की कमी से गांवों के आवश्यकीय कार्य तक लटक जा रहे हैं। कांग्रेस पदाधिकारियों ने नए कर्मचारियों की तैनाती पर ही पूर्व से तैनात कर्मियों का स्थानांतरण किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि मनमाना रवैया अपनाया गया तो फिर कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता आंदोलन को विवश हो जाएंगे।