🔳 कोतवाल भवाली ने अपनाया सख्त रुख
🔳 क्वारब चौकी प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
🔳 रामगढ़ ब्लॉक के तमाम गांवों में खुलेआम बिक रही अवैध शराब
🔳 नाराज महिलाओं, बुजुर्गो, बच्चों व पंचायत प्रतिनिधियों ने क्वारब चौकी में की थी नारेबाजी
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के गांवों में खुलेआम अवैध शराब बिक्री से आक्रोशित महिलाओं के क्वारब चौकी में प्रदर्शन के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। कोतवाल भवाली ने भी मामले में सख्त रुख अपना लिया है। चौकी प्रभारी क्वारब को छापेमारी अभियान चलाकर शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं। कोतवाल के अनुसार अवैध शराब पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा। माफिया को बख्सा नहीं जाएगा।
रामगढ़ ब्लॉक के कूल, चोपड़ा, बिरखन, बटूलिया, मटकिना आदि गांवों में अवैध शराब का धंधा जोरों पर है। शराब माफिया पुलिस प्रशासन की आंखों में धूल झोंक गांवों में अवैध अंग्रेजी व देशी शराब का जखीरा पहुंचा रहा है। गांव में खुलेआम हो रही बिक्री से गांवो की महिलाएं, बुजुर्ग व पंचायत प्रतिनिधि भी परेशान हैं। बीते शुक्रवार को महिलाएं, बुजुर्ग व छोटे छोटे बच्चों ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित क्वारब चौकी पहुंचकर धड़ल्ले से हो रही अवैध शराब बिक्री के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। बकायदा शराब माफियाओं के नामों का खुलासा कर कार्रवाई की मांग उठाई। मामले के तूल पकड़ने के बाद अब कोतवाल भवाली प्रकाश मेहरा ने सख्त रुख अपना लिया है। कोतवाल ने चौकी प्रभारी क्वारब को तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कोतवाल प्रकाश मेहरा के अनुसार गांवों में अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चौकी प्रभारी को तत्काल एक्शन लेने को निर्देशित कर दिया गया है।