🔳 जान हथेली पर रख स्कूल आवाजाही को रहे मजबूर
🔳 विद्यालय प्रबंधन ने थानाध्यक्ष बेतालघाट को भेजा पत्र
🔳 स्कूल खुलने व बंद होने के समय वाहनों की आवाजाही रोकने की लगाई गुहार
🔳 भारी वाहनों से जताया अनहोनी का अंदेशा
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग पर सुबह से शाम तक दौड़ रहे भारी भरकम डंपरों से स्कूली बच्चे दहशत में हैं। लगातार बढ़ रहे खतरे को देख दो विद्यालयों के प्रबन्ध समिति सदस्यों व पंचायत प्रतिनिधियों ने स्कूलों के खुलने व बंद होने के समय आवाजाही रोकने की मांग उठाई है। थानाध्यक्ष बेतालघाट को पत्र भेजकर मामले को गंभीरता से लेने पर जोर दिया है। अंदेशा जताया की यदि अनदेखी की गई तो कभी भी बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है।
भुजान बर्धो मोटर मार्ग पर सुबह से शाम तक भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। तेज रफ्तार वाहन दहशत बन चुके हैं। वाहनों के तेज रफ्तार दौड़ने से स्कूली बच्चों व राहगीरों की जिंदगी पर खतरा बढ़ता ही जा रहा है। लगातार बढ़ रहे खतरे को देख राजकीय प्राथमिक विद्यालय व राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैनीचैक प्रबंधन ने थानाध्यक्ष बेतालघाट को पत्र भेजकर वाहनों की तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने को अभियान चलाने तथा सुबह विद्यालयों के खुलने तथा शाम को बंद होते समय भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित किए जाने की मांग उठाई है। विद्यालय प्रबंधन समिति अध्यक्ष प्रभा देवी व ग्राम प्रधान मल्ला बर्धो आशा मेहरा ने पत्र के माध्यम से बताया है की आसपास के तमाम गांवों से नौनिहाल शिक्षा ग्रहण करने को शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग से विद्यालय पहुंचते हैं पर लगातार बड़े वाहनों की आवाजाही से खतरा बना रहता है। बताया है की पूर्व में व्यवस्था लागू थी पर पिछले लंबे समय से स्कूल खुलने व बंद होने के समय भी बड़े वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्यों ने तत्काल व्यवस्था को दोबारा लागू किए जाने की मांग उठाई है। अनदेखी पर बड़ी अनहोनी सामने आने का अंदेशा भी जताया है।




