🔳बारिश न होने से फल उत्पादन घटने का अंदेशा
🔳पाले का कहर भी दिखाने लगा असर
🔳धारी व उल्गौर गांव में होती है फलों की बंपर पैदावार
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
मौसम की बेरुखी से जहां सब्जी उत्पादक किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है वहीं अब फल उत्पादक गांवों के बागबान के माथे पर भी चिंता की लकीरें गहराने लगी है। पाले का कहर भी नए फलदार पौधों पर असर दिखाने लगा है। किसानों ने अंदेशा जताया है कि यदि समय रहते बारिश नहीं हुई तो निश्चित रुप से फल उत्पादन पर गहरा असर पड़ेगा।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांव फल व सब्जी उत्पादक बेल्ट के तौर पर पहचाने जाते हैं। बारिश के इंतजार में पहले ही सब्जी उत्पादक किसान नुकसान उठा चुके हैं। मटर, प्याज, गेहूं, आलू, गोभी समेत कई सब्जियों की पैदावार प्रभावित हो चुकी है वहीं अब फल उत्पादक गांव के रुप में पहचान वाले धारी व उल्गौर गांव के किसान चिंतित हो उठे हैं। लगभग डेढ़ सौ से ज्यादा बागबान फल उत्पादन के कारोबार से जुड़े हैं यहां के आडू, पुलम व खुमानी की हल्द्वानी, दिल्ली समेत लखनऊ व मुंबई में भी धाक है पर लंबे समय से बारिश न होने से किसान चिंतित हो उठे हैं। फल उत्पादक काश्तकार पंकज भट्ट के अनुसार बारिश न होने से फल के पेड़ों की टहनियां सुखती जा रही है वहीं पाले भी फलदार पौधो पर असर दिख रहा है। नंदा बल्लभ पांडे, राकेश पांडे, पूरन चंद्र भट्ट, पंकज रावत, राजू पांडे, राजन भट्ट, महेंद्र सिंह, दान सिंह, रमेश जोशी, चंदन सिंह आदि किसानों ने बारिश न होने पर भविष्य में फल उत्पादन को नुकसान होने का अंदेशा जताया है।




