◾वर्धो कौशलेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
◾संगीतमय शिवमहापुराण कथा से माहौल शिवमय
◾खैरना शिवालय में शिव विवाह का हुआ आयोजन
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
धार्मिक अनुष्ठानो से कोसी घाटी का माहौल भक्तिमय बना हुआ है। मंदिरों में शिवमहापुराण कथा से भक्ति की रसधार बह रही है। दूर दराज के गांवों से श्रद्धालु कथा श्रवण को मंदिरों में पहुंच रहे हैं। वर्धो कौशलेश्वर तथा खैरना स्थित शिवालय में देवाधिदेव महादेव के जयकारों से समूचा माहौल गुंजायमान हो उठा।
भुजान – वर्धो मोटर मार्ग पर स्थित वर्धो कौशलेश्वर महादेव मंदिर में शिवमहापुराण कथा के चौथे दिन रोजाना की तरह धर्माचार्य उमेश चंद्र पांडे, नवीन जोशी, कीर्ति बल्लभ तथा राजेंद्र प्रसाद ने यजमान महेंद्र सिंह मेहरा, गोपाल सिंह, अर्जुन सिंह, चंदन सिंह मेहरा से धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए। विधि विधान से विशेष मंत्रोच्चार के बीच क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि को विशेष प्रार्थना की गई। कथा व्यास आचार्य दयाकृष्ण शास्त्री ने भगवान शिव की विभिन्न लीलाओं का वर्णन कर श्रद्धालुओं से सदमार्ग पर चलने का आह्वान किया। कथा श्रवण को आसपास के रतौडा़, नैनीचैक, बढेरी, तिवाड़ीगांव, हल्सों कोरण, आमबाडी़ आदि तमाम गांवों से श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। आयोजन समिति सदस्य व्यवस्था बनाने में जुटे रहे। इधर खैरना में शिप्रा व कोसी नदी के संगम तट पर स्थित शिवालय में कथा व्यास चंद्रशेखर अधिकारी ने कथा पाठ किया। शिव विवाह के शानदार आयोजन से श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। देर शाम तक भजन-कीर्तनो का दौर जारी रहा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य अंकित साह, ग्राम प्रधान त्रिभुवन पाठक, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष प्रताप सिंह गौणी, मदन मोहन कैड़ा, अजय सिंह पनौरा, चंदन सिंह,आदि समिति सदस्य मौजूद रहे।