🔳 शिवालयों में विशेष मंत्रोच्चार के साथ हुआ जलाभिषेक
🔳 सावन के पहले सोमवार को ही मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
🔳 देर शाम तक मंदिरों में जारी रहा भजन कीर्तनों का दौर
{{{{ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट}}}}

सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में विशेष पूजा अर्चना से कोसी घाटी का माहौल शिवमय हो उठा। देवाधिदेव महादेव के जयकारों से घाटी गुंजायमान हो उठी। मंदिरों में देर शाम तक भजन कीर्तन हुए। क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि को विशेष प्रार्थना की गई।
सोमवार सुबह से शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा। श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा अर्चना के साथ जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक किया। खैरना स्थित कोसी व शिप्रा नदी के संगम तट पर स्थित शिवालय, बर्धो स्थित कौशलेश्वर महादेव, काकड़ीघाट स्थित कर्कटेश्वर मंदिर में सैकड़ों शिव भक्त पूजा अर्चना को पहुंचे। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर गंगरकोट स्थित गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में बाबा भोलेनाथ के जयकारों संग बाबा भक्तों ने जलाभिषेक किया। गांवों की सुख, शांति व समृद्धि को विशेष प्रार्थना की गई। मंदिरों में जगह जगह प्रसाद वितरण भी किया गया। मंदिर समिति पदाधिकारी व्यवस्थाएं चाक चौबंद करने में जुटे रहे।