🔳लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव व खतरे से महसूस होने लगी जरुरत
🔳कदम कदम पर कमजोर हो चुकी पहाड़ियां देने लगी जवाब
🔳पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने विकल्प तलाशने पर दिया जोर
🔳सड़क व भूतल मंत्रालय को प्रस्ताव भेजने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव व जगह जगह कमजोर होती पहाड़ी पहाड़ियों से अब हाइवे का विकल्प तलाशने की मांग तेज होने लगी है। पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों ने लगातार बिगड़ते जा रहे हालातों को देख अब हाइवे का विकल्प तैयार किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। साफ कहा की लगातार खतरा बढ़ता जा रहा है ऐसे में एनएच के अधिकारियों को हाइवे का विकल्प तलाशने का कार्य शुरु करना चाहिए ताकी भविष्य में पर्वतीय क्षेत्रों को आवाजाही सुगम हो सके।
कुमाऊं की महत्वपूर्ण लाइफ लाइन के तौर पर पहचान रखने वाला अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर आवाजाही खतरनाक होती जा रही है। भवाली से क्वारब तक हालात विकट है। अतिसंवेदनशील पाडली, भोर्या बैंड, दोपांखी, जौरासी, काकड़ीघाट, लोहाली क्षेत्र में कमजोर हो चुकी पहाड़ियों की हालत किसी से छुपी नहीं है। कई लोग दरकती पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर बेमौत मारे भी जा चुके हैं जबकि कई गंभीर रुप से घायल भी हो चुके हैं। जगह जगह भू-धंसाव बढ़ने से हाइवे के अस्तित्व पर भी संकट खड़ा होता जा रहा है हालांकि एनएच प्रशासन समय समय पर भारी भरकम बजट खर्च कर हाइवे को दुरुस्त करने के प्रयास भी करता है बावजूद हालातों में सुधार नहीं हो पाता। हाइवे पर स्थित विशालकाय चट्टानों से गिरते पत्थर यात्रियों की जिंदगी पर जोखिम बढ़ा देते हैं वहीं वाहनों के लगातार बढ़ते दबाव से जाम भी आम हो चुका है। बदहाल हाइवे पर घंटों जाम में फंसना यात्रियों की मजबूरी बन चुकी है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कुबेर सिंह जीना, व्यापारी नेता विरेन्द्र सिंह बिष्ट, गजेन्द्र सिंह, गोविन्द नेगी, कुलदीप खनायत, सुनील मेहरा, राकेश जलाल, मनोज नैनवाल ने भविष्य के लिए हाइवे का विकल्प तलाशने पर जोर दिया है। पंचायत प्रतिनिधियों व व्यापारियों के अनुसार शिप्रा व कोसी नदी पार से हाइवे का विकल्प तैयार किए जाने की भी मांग उठाई है ताकि यात्रियों की जिंदगी पर कदम कदम पर मंडरा रहे खतरे को टाला जा सके। एनएच प्रशासन से सड़क व भूतल मंत्रालय को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे का विकल्प तैयार किए जाने को प्रस्ताव भेजने की मांग की है।




