= वन विभाग की विशेष टीम की जांच में हुआ खुलासा
= मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में मचा हड़कंप
= मामले में कार्रवाई को वन विभाग ने शुरु की तैयारी
= रामगढ़ ब्लॉक के कुलगाढ़ क्षेत्र का मामला
*टीम तीखी नजर की रिपोर्ट*
रामगढ़ ब्लॉक के कुलगाढ़ गांव में अनुमति से अधिक पेड़ों के कटान के मामले में वन विभाग की जांच में अनुमति की आड़ में बारह पेड़ काटे जाने का खुलासा हुआ है। मामले के सामने आने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट के अनुसार मामले में कार्रवाई की जा रही है। अनुमति की आड़ में अधिक पेड़ काटने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
कुलगाड गांव में वन विभाग ने बीते दिनों स्थानीय ग्रामीणों को नाप जमीन पर तून के पेड़ काटने की अनुमति दी। अनुमति मिलने के बाद पेड़ कटान का कार्य शुरु हुआ पर इसी बीच अनुमति से अधिक पेड़ काटे जाने का मुद्दा उठने से हरकत में आए वन विभाग ने मामले में जांच बैठा दी। वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट ने तीन सदस्यीय विशेष टीम का गठन कर टीम को जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बीते बुधवार को विभागीय टीम ने कुलगाढ गांव पहुंचकर मामले की जांच शुरु की। विभिन्न बिंदुओं पर जांच आगे बढ़ी तो अनुमति की आड़ में बारह अन्य पेड़ काटे जाने का खुलासा हुआ। विभागीय टीम ने रिपोर्ट वन क्षेत्राधिकारी को सौंप दी है। वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट के अनुसार जांच में अनुमति के उलट बारह पेड़ काटे जाने की पुष्टि हुई है। नाप जमीन पर अलग अलग व्यक्तियों के नाम से पांच पेड़ों के कटान की अनुमति दी गई थी। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
