◾ जिलाधिकारी के निर्देश पर बेतालघाट पुलिस को सौंपी गई जांच
◾बेतालघाट ब्लॉक के गैरखाल गांव में हुई थी घटना
◾स्वजनों की तहरीर के आधार पर हुआ है मुकदमा दर्ज
◾हाईटेंशन लाइन से खेत तक करंट पहुंचाने वाला आखिर कौन ?

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक के गैरखाल गांव में करंट की चपेट में आकर हुई युवक मौत के मामले की जांच अब रेगुलर पुलिस करेगी। जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच पुलिस को हस्तांतरित कर दी गई है। राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील के अनुसार जांच थाना पुलिस बेतालघाट को हस्तांतरित कर दी गई।

बीते दिनों मवेशियों की खोज में निकला गैरखाल गांव निवासी अर्जुन सिंह बंजर खेत में छोड़े गए करंट की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। स्वजनों ने राजस्व पुलिस को तहरीर सौंप मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। उच्चाधिकारियों के निर्देश तथा स्वजनों की तहरीर के आधार पर राजस्व उपनिरीक्षक धनियाकोट मोहम्मद शकील ने मामले की जांच शुरू की। कई लोगों के बयान भी दर्ज किए गए। खेत स्वामी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। जिलाधिकारी नैनीताल धीराज गर्ब्याल के निर्देश पर जांच रेगुलर पुलिस को स्थानांतरित कर दी गई है। राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील के अनुसार मामले की जांच थाना पुलिस बेतालघाट को हस्तांतरित की गई है।

हाईटेंशन लाइन से खेत तक करंट पहुंचाने वाला आखिर कौन ?

घटना के बाद से ही क्षेत्रवासियों में गहरा रोष भी व्याप्त है। लोगों ने भी बंजर खेत में करंट फैलाए जाने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई हालांकि राजस्व पुलिस ने कई लोगों के बयान दर्ज किए तो अब मामले में नया मोड़ आने की संभावना है। हाईटेंशन लाइन से खेत तक करंट पहुंचाने में किसी दूसरे व्यक्ति का नाम सामने आने की चर्चा है हालांकि अभी नाम का खुलासा नहीं हो सका है।

error: Content is protected !!