🔳 मोक्ष धाम के रास्ते पर चलाया विशेष सफाई अभियान
🔳 झाड़ियों व रास्ते में डाली गई गंदगी का किया निस्तारण
🔳 रात के अंधेरे में गंदगी डाल आस्था से खिलवाड़ का लगाया आरोप
🔳 मनमानी किए जाने पर दे डाली आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
टैक्सी यूनियन खैरना के पदाधिकारियों व सदस्यों ने मोक्ष धाम के रास्ते पर विशेष सफाई अभियान चलाकर झाड़ियों व गंदगी का निस्तारण कर जनप्रतिनिधियों व जिम्मेदार अधिकारियों को आईना दिखाया। बाजार क्षेत्र के दुकानदारों के बार बार गंदगी मोक्ष धाम के रास्ते पर डालने से रोष भी जताया। दो टूक चेतावनी दी की मनमानी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को संगम टैक्सी यूनियन अध्यक्ष प्रताप सिंह गौणी की अगुवाई में संगठन के पदाधिकारी व सदस्य मुख्य सड़क से कोसी व शिप्रा नदी के संगम पर स्थित मोक्ष धाम को जोड़ने वाले रास्ते पर पहुंचे। टैक्सी यूनियन से जुड़े सदस्यों ने रास्ते में उगी बड़ी बड़ी झाड़ियों का निस्तारण कर विशेष सफाई अभियान चलाया। रास्ते में डाली गई बजबजाती गंदगी से उठ रही दुर्गंध के बीच गंदगी हटाई गई। पदाधिकारियों ने महत्वपूर्ण रास्ते पर गंदगी डालने पर गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की लगातार टोकने व तहसील प्रशासन के भी सफाई करवाने के बावजूद मनमानी की जा रही है। बाजार क्षेत्र से रात के अंधेरे में रास्ते में गंदगी डाल लोगों की आस्था से खिलवाड़ किया जा रहा है। गंदगी से शवदाह को पहुंचने वाले लोग भी परेशान हो जा रहे हैं बावजूद मनमानी की जा रही है। सदस्यों ने दो टूक चेतावनी दी की अब यदि रास्ते में गंदगी डाली गई तो फिर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। इस दौरान पुष्कर सिंह, हीरा सिंह, अनिल सिंह, राहुल जलाल, करन, बचे सिंह, श्याम सिंह, अनिल नेगी आदि मौजूद रहे।




