Breaking-News

जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हुए ग्रामीण
शहीद बलवंत सिंह भुजान – वर्धो मोटर मार्ग के चौड़ीकरण, मरम्मत व बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों के लिए लगाई सीएम से गुहार

गरमपानी डेस्क: बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों को जोड़ने वाले शहीद बलवंत सिंह भुजान वर्धो मोटर मार्ग की मरम्मत, चौड़ीकरण के साथ ही कोसी नदी के वेग से मोटर मार्ग की सुरक्षा को बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य कराए जाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। बकायदा मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को ज्ञापन भी भेजा गया है।

कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की बाजी लगा देने वाले वर्धो गांव निवासी शहीद बलवंत सिंह के नाम पर बनी शहीद बलवंत सिंह भुजान वर्धो मोटर मार्ग खस्ताहाल हो चला है। शहीद के नाम पर बनी सड़क पर गड्ढों में मिट्टी भर बमुश्किल यातायात सुचारु किया जा रहा है। जगह-जगह मार्ग भूधंसाव की जद में भी है। मोटर मार्ग पर बढेरी, वर्धो, रतौडा, नैनीचैक, बढेरी, तिवारीगांव, आमबाडी आदि तमाम गांवों के सैकड़ों लोग आवाजाही करते हैं। मार्ग की खस्ताहालत से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीण जान जोखिम में डाल आवाजाही करने को मजबूर है।

भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष दिलीप सिंह बोहरा, मंडल उपाध्यक्ष दयाल सिंह दरमवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष भाजपा गोपाल सिंह जैडा़ ने मोटर मार्ग को दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा है कि मार्ग दिनोंदिन खस्ताहाल होता जा रहा है। आबादी बढ़ने के साथ अब वाहनों की आवाजाही भी बढ़ने लगी है। मोटर मार्ग के चौड़ीकरण के साथ ही मोटर मार्ग की सुरक्षा को कोसी नदी पर बाढ़ सुरक्षा के कार्य कराए जाने आवश्यक है। कहा है कि वर्ष 2010 की आपदा में कोसी नदी के वेग से मोटर मार्ग को काफी नुकसान हुआ था। बताया है की कोसी नदी पर बाढ़ सुरक्षा के ठोस उपाय किए जाएं तो मोटर मार्ग काफी हद तक सुरक्षित रहेगा।