🔳 राज्य सरकार व विभाग की योजनाएं बन रही आधार
🔳 गोटवैली योजना से जुटी बेतालघाट ब्लॉक की 97 महिलाएं
🔳 बेतालघाट के बाद अब रामगढ़ ब्लॉक भी पहुंची योजना
🔳 लगातार नुकसान से खेतीबाड़ी से हो चुका मोहभंग
🔳 लंपी बिमारी से बचाव को डेढ़ लाख से अधिक पशुओं का होगा टीकाकरण
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
मौसम के लगातार बिगड़ते मिजाज व जंगली जानवरों व बंदरों के उत्पात से खेतीबाड़ी चौपट होने के बाद अब गांवों की महिलाएं राज्य सरकार व पशुपालन विभाग की योजनाओं को आधार बनाकर आर्थिकी सुधारने की जुगत में जुट गई है। बेतालघाट ब्लॉक में करीब 97 महिला पशुपालकों ने गोटवैली योजना से जुड़कर बकरीपालन का कार्य शुरु कर दिया है। योजना के दूसरे चरण में विभाग ने अब रामगढ़ ब्लॉक में महिला पशुपालकों को योजना से लाभान्वित करने की कवायद तेज कर दी है।
बेतालघाट ब्लॉक के गांव कभी सब्जी उत्पादक पट्टी के नाम से विख्यात रहे पर वर्तमान में किसानों का खेतीबाड़ी से मोहभंग हो चुका है। गांवों में खेत बंजर होते जा रहे हैं। लगातार खेतीबाड़ी चौपट होने से आर्थिकी चरमराने से परेशान महिलाएं पशुपालन से जुड़कर आर्थिकी मजबूत करने में जुट गई है। बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में संचालित जे गोटवैली योजना से अलग अलग गांवों की करीब 97 महिलाएं जुड़कर बकरीपालन का कार्य करने लगी है। ब्लॉक में योजना से अब तक कुल 240 लोगों को लाभान्वित किया जा चुका है। बेतालघाट के बाद अब रामगढ़ ब्लॉक में भी पहले चरण में 60 लोगों को योजना के दायरे में लिया गया है जिसमें भी अधिकांश महिलाएं शामिल हैं। योजना का समुचित लाभ दिलाने को पशुपालन विभाग भी धरातल पर गंभीरता से जुटा हुआ है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. धीरेश जोशी के अनुसार योजना की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिक से अधिक लोगों को योजना से लाभान्वित किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। महिला पशुपालकों में महत्वपूर्ण योजना से जुड़ने को उत्साह है।
लंपी बिमारी से बचाव को डेढ़ लाख से अधिक पशुओं का होगा टीकाकरण
पशुओं को लंपी बिमारी से बचाने को पशुपालन विभाग अलर्ट मोड पर है। जनपद में डेढ़ लाख से भी अधिक पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। टीकाकरण के लिए बकायदा वैक्सीन विभाग को उपलब्ध भी हो चुकी है। दिसंबर से टीकाकरण अभियान का श्रीगणेश होगा। पशुपालन विभाग बकायदा पंचायतवार रोस्टर तैयार कर टीकाकरण अभियान शुरु करेगा। समय पर टीकाकरण होने से पशुओं को लंपी बिमारी की चपेट में आने से बचाया जा सकेगा। अभियान के दौरान यदि किसी गांव के पशु टीकाकरण से छूट गए तो वहां दोबारा विशेष शिविर लगाकर टीकाकरण अभियान चलाने को रणनीति तैयार की जाएगी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. धीरेश जोशी ने बताया की वैक्सीन उपलब्ध हो चुकी है। डेढ़ लाख से अधिक पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। लक्ष्य शत प्रतिशत पूरा हो इसके लिए गंभीरता से कार्य किया जाएगा।




