🔳लंबे समय से मोटर मार्ग झेल रहा था बदहाली का दंश
🔳16 किमी दायरे में होगा डामरीकरण व सुधारीकरण कार्य
🔳मोटर मार्ग की हालत सुधरने से गांवों के बाशिंदों को मिलेगी राहत
🔳क्षेत्रवासियों ने जताया प्रदेश सरकार का आभार
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे तमाम गांवों को जोड़ने वाले काकड़ीघाट – सुनियाकोट – मटीला मोटर मार्ग की हालत में सुधार की उम्मीद जग गई है। राज्य सरकार ने सड़क सुधारीकरण को लगभग 3.31 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए है। लंबे समय बाद अब सुधारीकरण को बजट अवमुक्त होने पर क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।
काकड़ीघाट – सुनियाकोट – मटीला मोटर मार्ग से काकड़ीघाट, ओखिना, सिरौली, औलियागांव, गडस्यारी, बड़सीला, सूरी, डोल, मटीला खरकिया, पडयूला, समेत तमाम गांवों के बाशिंदे आवाजाही करते हैं। मोटर मार्ग के जगह जगह बदहाल होने से आवाजाही खतरनाक हो चुकी है। सैकड़ों श्रद्धालु शीतलखेत स्थित सुप्रसिद्ध स्याहीदेवी मंदिर को भी इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं साथ ही गांवों के किसान भी इसी मार्ग से उपज को हाइवे तक पहुंचाते हैं पर मोटर मार्ग की दुर्दशा से दुर्घटना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है। लंबे समय से ग्रामीण मोटर मार्ग को दुरुस्त करने की मांग उठा रहे थे पर सुनवाई न होने से ग्रामीण मायूस हो गए। मामला कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य तक पहुंचा। कैबिनेट मंत्री ने मोटर मार्ग की मरम्मत के लिए शासन स्तर पर कवायद शुरु की और अब राज्य सरकार ने मोटर मार्ग के लिए 3.31करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिया है। मोटर मार्ग पर अब लगभग सोलह किमी दायरे में डामरीकरण व मरम्मत का कार्य किया जाएगा। बजट स्वीकृत होने से अब मोटर मार्ग की हालत में सुधार होने की उम्मीद भी जग गई है। बजट अवमुक्त होने पर जिला कार्यकारिणी सदस्य बिशन सिंह जंतवाल, भुपाल सिंह परिहार, हरीश परिहार, तारा सिंह परिहार, प्रताप बिष्ट, जीवन बिष्ट, बालम सिंह मेहरा, दिवाकर नेगी, दीवान नेगी समेत क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त की है।




