🔳बस चालक व परिचालक की लापरवाही से हुआ हादसा
🔳बस में चढ़ने से पहले ही बस के आगे बढ़ने से चपेट में आई युवती
🔳प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में किया गया हायर सेंटर रैफर
🔳पुलिस ने बस को लिया कब्जे में, जांच शुरु
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर बस चालक व परिचालक की लापरवाही युवती पर भारी पड़ गई। बस में चढ़ने से पहले ही बस के आगे बढ़ने से युवती घसीटती चली गई। सीएचसी गरमपानी में प्राथमिक उपचार के बाद उसे नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। चौकी प्रभारी कैंची कृष्णा गिरी के अनुसार बस को कब्जे में ले जांच शुरु कर दी गई है।
हाइवे से सटे बेतालघाट ब्लॉक के चकबिसौत,पाडली गांव निवासी शालिनी अपने भाई के साथ बुधवार को गांव से कोश्या कुटोली तहसील को आवश्यकीय कार्य के लिए रवाना हुई। दोनों भाई बहन हाइवे पर वाहन का इंतजार करने लगे। हल्द्वानी से पहाड़ जा रही केएमओ बस यूके 01पीए 1005 को रोकने का प्रयास किया। बस के रुकने के बाद शालिनी ने जैसे ही बस में चढ़ने का प्रयास किया तो लापरवाह बस चालक ने बस आगे बढ़ा दी। एकाएक बस के आगे बढ़ने से शालिनी बस के साथ घसीटती चली गई। लोगों के हो हल्ला करने पर चालक ने बस रोकी। आसपास के लोगों ने गंभीर रुप से घायल हो चुकी शालिनी को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद शालिनी को नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर कैंची चौकी प्रभारी कृष्णागिरी भी मौके पर पहुंच गए। केएमओ की बस को कब्जे में ले लिया गया। बस में सवार यात्रियों को दूसरे वाहन से गंतव्य की ओर भेजा गया। स्थानीय लोगों ने चालक व परिचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।




