= कई लोग डूबने से गंवा चुके है जान
= तपीस बढ़ने के साथ गहराई क्षेत्र में नहाने उतर रहे लोग
= क्षेत्रवासियों ने चेतावनी बोर्ड लगाने तथा नहाना
प्रतिबंधित किए जाने की उठाई मांग

(((कुबेर सिंह जीना/महेंद्र कनवाल/अंकित सुयाल की रिपोर्ट)))

तपिश बढ़ने के साथ ही अब एक बार फिर लोग कोसी नदी में नहाने रुख करने लगे हैं। रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे के समीप भुजान क्षेत्र में लोग धड़ल्ले से गहराई वाले स्थानों पर उतर डुबकी लगा रहे हैं।
बीते दिनों अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर नावली क्षेत्र में हल्दुचौड़ निवासी युवक की डूबने से हुई मौत के बाद भी लोग नहीं चेत रहे। खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे पर भुजान क्षेत्र में गहराई वाले स्थानों पर नहाने उतर जा रहे हैं। जिससे खतरा दोगुना बढ़ रहा है। बरसाती सीजन होने के चलते कोसी का बहाव भी एकाएक बढ़ रहा है। बावजूद नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। हाईवे पर नावली क्षेत्र को जाने वाले रास्ते को प्रशासन ने मिट्टी डालकर बंद करा दिया है। अब लोगों ने भुजान क्षेत्र में कोसी नदी नहाने का स्थान तय कर लिया है। भुजान क्षेत्र में भी कई लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। बावजूद कोई सुध लेवा नहीं है। छोटे-छोटे बच्चे भी नदी में गहराई वाले स्थानों पर नदी में डुबकी लगाने में मस्त है। क्षेत्रवासियों ने गहराई वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगा नहाना प्रतिबंधित किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।