◾ हाइवे पर लगे हैंडपंप व प्राकृतिक स्रोतो से पानी ढोना मजबूरी
◾आए दिन पेयजल आपूर्ति ठप होने से अस्पताल में सफाई व्यवस्था भी प्रभावित
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
खैरना क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था सिरदर्द बन चुकी है। आए दिन व्यवस्था चरमराने से अब सीएचसी के चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी भी परेशान हो चुके हैं। बीते चार दिनों से सीएचसी की आवासीय कॉलोनी में नलों से पानी की बूंद तक नहीं टपकी है। पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से अस्पताल में भी सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। आसपास से पेयजल व्यवस्था करना मजबूरी बन चुका है।
खैरना बाजार क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति दुरुस्त नहीं हो पा रही है। मुख्य बाजार क्षेत्र में भी में ही कई परिवार पानी के लिए तरस रहे हैं वहीं अब सीएचसी गरमपानी में भी पानी का अकाल पड़ चुका है बीते चार दिनों से अस्पताल व समीप स्थित आवासीय कॉलोनी में पानी की बूंद तक नहीं टपकी है। दिन भर ड्यूटी करने के बाद सीएचसी में तैनात चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी शाम को मजबूरी में पानी ढो रहे हैं। लंबे समय से पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा। आए दिन लोगों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है।चिकित्सा प्रभारी डा. सतीश पंत के अनुसार कई बार संबंधित विभाग को सूचना दिए जाने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा है। पेयजल संकट के चलते अस्पताल में साफ सफाई व्यवस्था कराने के लिए भी दूरदराज से पानी मंगाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पेयजल आपूर्ति चरमराने पर गहरी नाराजगी जताई है। स्थानीय बिशन सिंह जंतवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा आवासीय कॉलोनी व मुख्य बाजार क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था तत्काल दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग की है।
