🔳रामगढ़ ब्लॉक के गौड़ा गांव में सूखने लगे खेत
🔳फल व सब्जियों की पैदावार चौपट होने के कगार पर
🔳सिंचाई का पानी उपलब्ध न होने से किसानों में रोष
🔳जल्द व्यवस्था दुरुस्त न होने पर आंदोलन की चेतावनी

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे रामगढ़ ब्लॉक के गौड़ा गांव के कास्तकार सिंचाई योजना होने के बावजूद बूंद बूंद पानी को तरस गए हैं। खेतों तक पानी न पहुंचने से फल व सब्जियां बर्बाद होने के कगार पर पहुंच गई है‌। किसानों ने आरोप लगाया है की कई दिनों तक आपूर्ति नहीं की जा रही जिससे खेतों में सिंचाई का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा।

लंबे समय से बारिश न होने से तमाम गांवों में सूखे से हालात हो चुके हैं। सब्जियां, फल व अनाज की खेती चौपट होती जा रही है तो वहीं रामगढ़ ब्लॉक के गौड़ा गांव के तीस से ज्यादा कास्तकार सिंचाई योजना होने के बावजूद बूंद बूंद पानी को तरस रहे हैं। पानी उपलब्ध न होने से किसान व उनके परिवार के सदस्य दूर दराज से सिर पर पानी ढोकर खेतों में पहुंचा रहे हैं। किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने को हाइवे पर जौरासी क्षेत्र में सिंचाई पंपिग योजना भी स्थापित है। बावजूद किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व ग्राम प्रधान रुप सिंह ने आरोप लगाया है की किसानों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। नियमित पानी उपलब्ध न कराकर कभी कभी पानी मुहैया करवाया जा रहा है जिस कारण आड़ू, पुलम आदि फलों के बगीचे व सब्जियों की पैदावार चौपट होने के कगार पर पहुंच गई है। रुप सिंह ने जल्द व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि मनमानी की गई तो फिर किसानों को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।

error: Content is protected !!