🔳झूला पुल व मेढ़क पत्थर तक पहुंचने वाला रास्ता खस्ताहाल
🔳पर्यटकों को आवाजाही में करना पड़ रहा दिक्कतों का सामना
🔳व्यापारियों ने उठाई महत्वपूर्ण रास्ते की मरम्मत किए जाने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गरमपानी बाजार के समीप स्थित पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र मेंढ़क पत्थर का पहुंच मार्ग जर्जर हालत में पहुंच चुका है। रास्ते के बदहाल होने से पर्यटकों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है।
गरमपानी क्षेत्र में एकमात्र पर्यटन स्थल मेढ़क पत्थर व झूला पुल पर्यटकों को आकर्षित करता है। दूर दराज से पर्यटक झूला पुल के साथ ही शिप्रा नदी पर स्थित मेंढ़क पत्थर देखने पहुंचते हैं। ब्रितानी दौर की पुल पर प्रसिद्ध चांद के पार चलो समेत कई बालीवुड व कुमाऊनी फिल्मों की शुटिंग भी हो चुकी है। वर्तमान में भी कई फिल्मों व धारावाहिक आदि के दृश्य यहां फिल्माए जाते हैं। पर्यटकों के लिए भी यह स्थल आकर्षण का केंद्र है। हाइवे से झूला पुल तथा मेंढ़क पत्थर तक पहुंचने वाले रास्ते के बदहाल होने से अब लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी रास्ते से आसपास के गांवों के लोग भी आवाजाही करते हैं। रास्ते के क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटना का जोखिम भी बढ़ गया है। व्यापारी नेता मनीष तिवारी, गजेन्द्र नेगी, विरेन्द्र सिंह, मनोज नैनवाल, फिरोज अहमद, राकेश जलाल, गोविन्द सिंह नेगी ने रास्ते की मरम्मत किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।




