🔳 प्रतिद्वंद्वी टीमों को रोमांचक मुकाबले में दी शिकस्त
🔳 विजेता टीमों के रजत व कुनाल बने मैन ऑफ द मैच
🔳 आसपास के गांवों से पहुंचे खेलप्रेमियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
🔳 हिमगिरि स्टेडियम मोना में खेले जा रहे रोमांचक मुकाबले
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के मौना क्षेत्र में खेले जा रहे स्व. गीता देवी मैमोरियल क्रिकेट चैम्पियनशिप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले शुरु हो गए हैं। हिमगिरि स्टेडियम में खेले गए दोनों क्वार्टर फाइनल मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से दर्शकों में खासा उत्साह बना रहा। आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
सोमवार को पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला व्यापार मंडल नथुवाखान व व्यापार मंडल मौना के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी व्यापार मंडल मौना की टीम 14.2 ओवर में 126 रन पर ऑल आउट हो गई। अविरल ने अपनी टीम के लिए 27, मानस ने 22 व गोपाल ने 21 रन का अहम योगदान दिया। नथुवाखान की टीम से रोहन, रोहित व निखिल ने सटीक गेंदबाजी करते हुए महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी व्यापार मंडल नथुवाखान की टीम ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज नौ ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाकर मुकाबला नौ विकेट से जीत लिया। नथुवाखान की ओर से रजत ने 34 गेंदों में 85 रनों की विस्फोटक पारी खेली जबकि गौरव ने नाबाद 37 रन बनाकर टीम को शानदार जीत दिलाई। शानदार प्रदर्शन के लिए रजत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला चापड़ व छतोला हंटर्स के बीच खेला गया। चापड़ की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 12.5 ओवर में 92 रन पर ऑल आउट हो गई। चापड़ की ओर से हेमराज ने 25, गिरधर ने नाबाद 20 तथा ललित नेगी ने भी 20 रन की पारी खेली। छतोला हंटर्स की ओर से गेंदबाजी में कुनाल ने छह विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी छतोला हंटर्स की टीम ने 14.2 ओवर में 7 विकेट खोकर 97 रन बनाते हुए मुकाबला 3 विकेट से अपने नाम कर लिया।विक्की पांडे ने 36, पवन राणा ने नाबाद 25 व कुनाल ने 8 रन की अहम पारी खेली। ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कुनाल को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। अपने अपने मुकाबले जीत व्यापार मंडल नथुवाखान और छतोला हंटर्स की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। टूर्नामेंट में आगे के मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों व दर्शकों में उत्साह बना हुआ है।