🔳 भाजपा किसान मोर्चा नेता ने सीएम को सौंपा ज्ञापन
🔳 पूर्व में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत मिल चुकी है स्वीकृति
🔳 कारगिल शहीद के गांव को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मोटर मार्ग का मामला
🔳 लंबे समय से सुध न लिए जाने से लगातार बढ़ रहा दुर्घटना का खतरा
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
कारगिल शहीद बलवंत सिंह मेहरा के गांव को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण भुजान बर्धो मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग तेज हो गई है। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री घोषणा के तहत बर्धो भुजान मोटर मार्ग के लिए दस करोड़ रुपये के बजट को वित्तीय स्वीकृति देने की मांग की है। भाजपा नेता ने सीएम को बदहाल हो चुके मोटर मार्ग से लगातार बढ़ रहे खतरे की जानकारी भी दी है।
शहीद बलवंत सिंह मेहरा भुजान – बर्धो मोटर मार्ग बदहाली पर आंसू बहा रहा है। बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय समेत तमाम गांवों को जोड़ने वाले मोटर मार्ग पर जगह जगह खतरा मुंह उठाए खड़ा है। गांवों के लोग जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हैं। बीते दिनों अल्मोड़ा दौरे पर पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगे भी शहीद के गांव को जोड़ने वाले मोटर मार्ग की बदहाली का मुद्दा जोर शोर से उठा। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा ने मुख्यमंत्री को मोटर मार्ग की खस्ताहालत की जानकारी दी। ज्ञापन सौंपकर बताया की मोटर मार्ग के जगह जगह ध्वस्त होने से जहां जोखिम कई गुना बढ़ गया है वहीं मोटर मार्ग के अस्तित्व पर भी संकट मंडरा रहा है। विभागीय अधिकारियों को कई बार कहने के बावजूद सुध नहीं ली जा रही। प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप ने मुख्यमंत्री घोषणा के तहत मोटर मार्ग की मरम्मत को दस करोड़ रुपये के बजट को वित्तीय स्वीकृति देने की मांग मुख्यमंत्री से की है। बताया की तमाम गांवों के किसान भी इसी सड़क पर निर्भर है पर मोटर मार्ग के लगातार बिगड़ रहे हालात बड़ी अनहोनी की ओर इशारा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य को जल्द सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।