🔳 रोजाना संपर्क साध कर रहे मतदान के दिन गांव पहुंचने की अपील
🔳 रिश्तेदारी व भावनात्मक लगाव का भी दे रहे हवाला
🔳 एक एक वोट को महत्वपूर्ण मान बनाए जा रहे समीकरण
🔳 दिन भर गांव के लोगों से संपर्क शाम होते ही मोबाइल बन रहा सहारा
[[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]]

गांव की सरकार में पद पाने की उम्मीद लगाए बैठे विभिन्न पदों के उम्मीदवार प्रवासी मतदाताओं के सहारे भी अपनी नैया पार लगाने की जुगत में है। गांवो से बाहर रह रहे लोगों से संपर्क साध अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। प्रत्याशी बकायदा रिश्तेदारी व भावनात्मक लगाव का हवाला दे ग्रामीण विकास का दावा करने से भी नहीं चूक रहे। प्रत्याशियों के अनुसार पंचायत चुनाव में एक एक वोट बेहद महत्वपूर्ण है लिहाजा प्रवासी मतदाताओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
पंचायत चुनाव के लिए प्रत्याशी हर हाल में माहौल अपने पक्ष में करना चाहते हैं। गांवों में मौजूद मतदाताओं को रिझाने में जहां दावेदार कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते वहीं रोजगार व अन्य कारणों से गांवो से बाहर रह रहे प्रवासी मतदाताओं से भी संपर्क साधने की कोशिशें तेज हो गई है बकायदा प्रवासी मतदाताओं को वोटिंग के लिए गांव तक लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था का भरोसा दिलाया जा रहा है। हार जीत के लिए महत्वपूर्ण एक एक वोट को बेहद महत्वपूर्ण मान प्रत्याशी कोई कमी नहीं रखना चाहते। दिन भर गांव में घुमकर माहौल अपने पक्ष में करने में जुटे उम्मीदवार व उनके समर्थक दिन ढलने के साथ ही मोबाइल के सहारे प्रवासियों से संपर्क साध रहे हैं। प्रवासियों को जहां पूर्व में उनकी मदद का हवाला दे भावानात्मक रुप से जुड़ने की कोशिश की जा रही है वहीं कई प्रत्याशी रिश्तेदारी का जोड़ लगाकर मतदाता को हर संभव अपने पक्ष में करने की जोर आजमाइश में जुटे हुए हैं। रोजाना बन व बिगड़ रहे समीकरण के बीच उम्मीदवार प्रवासी मतदाताओं के भरोसे बढ़त बनाकर चुनाव फतह करने के लिए हाड़तोड़ मेहनत कर रहे हैं। देखना रोचक होगा की अब मतदान के दिन प्रवासी मतदाता गांव पहुंचकर किसके पक्ष में मतदान कर गांव की सरकार की कमान सौंपते हैं।

error: Content is protected !!