🔳 सेवा का लाभ न मिलने से भड़कने लगा है जनाक्रोश
🔳 प्रसव पीड़ा में दूरदराज रुख करने को मजबूर हुई गर्भवती महिलाएं
🔳 क्षेत्रवासियों ने उठाई सेवा सुचारु किया जाने की मांग
🔳 सुध ना लिए जाने पर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

तमाम गांवों के मध्य में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में पिछले दो महीने से अल्ट्रासाउंड सेवा ठप है। सेवा का लाभ न मिलने से गर्भवती महिलाएं प्रसव पीड़ा में मीलों का सफर तय करने को मजबूर हैं। करोड़ों रुपये की मशीन उपलब्ध होने के बावजूद सेवा का लाभ न मिलने से क्षेत्रवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने सेवा तत्काल सुचारु किए जाने की मांग उठाई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में विशेषज्ञ चिकित्सकों के न होने से पहले ही मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। अब पिछले दो महीने से भी अधिक समय से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा भी ठप हो गई है। दूरदराज के गांव से अल्ट्रासाउंड को सीएचसी पहुंच रहे मरीज व गर्भवती महिलाएं मायूस होकर वापस लौटने को मजबूर है। प्रसव पीड़ा में अल्मोड़ा, हल्द्वानी, रानीखेत, नैनीताल, काशीपुर, रामनगर आदि क्षेत्रों की आवाजाही करने से जिंदगी पर भी खतरा मंडरा है पर सुध नहीं ली जा रही। अस्पताल में में लंबे समय से अनुबंध समाप्त होने के बावजूद निशुल्क सेवा दे रहे रेडियोलॉजिस्ट डा. जेपी भट्ट का कार्यकाल ना बढ़ पाना भी एक बड़ी समस्या बन चुका है। नई तैनाती भी न होने से सेवा का सुचारु रुप से लाभ लोगों को नहीं मिल रहा। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति के मनीष तिवारी, गजेंद्र सिंह नेगी, गोविंद सिंह नेगी, फिरोज अहमद, राकेश जलाल, पंकज नेगी, शिवराज सिंह बिष्ट, लाभांशु सिंह आदि ने अल्ट्रासाउंड सेवा का लाभ न मिलने पर गहरी नाराजगी जताई है। दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द सेवा सुचारु नहीं की गई तो फिर अस्पताल परिसर में ही स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया जाएगा। चिकित्सा प्रभारी डा. सतीश पंत के अनुसार निशुल्क सेवा दे रहे दे रहे रेडियोलॉजिस्ट डा. जेपी भट्ट अस्वस्थ हैं। उम्मीद है की जुलाई दूसरे सप्ताह से लोगों को सेवा का लाभ मिलने लगेगा।

error: Content is protected !!