🔳जोरदार टक्कर से वाहन सवार श्रद्धालुओं में मची चीख पुकार
🔳हाइवे पर जौरासी क्षेत्र में हुई घटना से मचा हड़कंप
🔳घटना में घायल लोगों को पहुंचाया गया अस्पताल
🔳खैरना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच जुटाई जानकारी

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

कैंची धाम से पूजा अर्चना कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की कार को तेज रफ्तार डंपर ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर जौरासी क्षेत्र में जोरदार टक्कर मार दी। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। दुर्घटना में घायल महिला व दो बच्चों को उपचार के लिए सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। खैरना पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।

गुरुवार को रामगढ़ ब्लॉक के बैरोली गांव से एक ही परिवार के छह सदस्य कार यूके 04 टीए 9970 में सवार होकर सुप्रसिद्ध कैंची धाम रवाना हुए। पूजा अर्चना के बाद सभी दोपहर में वापस गांव की ओर रवाना हुए। श्रद्धालुओं की कार हाइवे पर जौरासी क्षेत्र में पहुंची ही थी की तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर यूके 04 सीए 4846 ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। एकाएक टक्कर से कार असंतुलित हो गई। गनीमत रही की कार कोसी नदी क्षेत्र की ओर नहीं पलटी। दुर्घटना की आवाज सुन आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार व राजेंद्र सती भी घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटना में घायल सुनीता मेहरा, याशिका नेगी व काव्याश को निजी वाहनों से उपचार के लिए गरमपानी स्थित अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने तीनों का उपचार किया। दुर्घटना से हाइवे पर जाम भी लग गया। पुलिस टीम ने बामुश्किल यातायात सुचारु करवाया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरु कर दी है।