🔳 एसडीएम के आदेश पर गठित विशेष टीम ने केएमवीएन के पट्टे का किया निरीक्षण
🔳 संयुक्त टीम की जांच में सीमांकन क्षेत्र में खदान की हुई पुष्टि
🔳 जांच के दौरान भूमि की स्थिति भी की गई स्पष्ट
🔳 विभागीय टीम ने समीपवर्ती हल्सों व कोरण गांव के ग्रामीणों के सामने की जांच
🔳 ग्रामीण का था नाप भूमि में खदान का आरोप
[[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
कोसी घाटी में कुमाऊं मंडल विकास निगम के स्वीकृत उपखनिज पट्टे पर उपजिलाधिकारी तुषार सैनी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। गांव की भूमि पर पट्टा संचालित करने का आरोप लगाने वाले समीपवर्ती हल्सों व कोरड़ गांव के ग्रामीणों को भी मौके पर बुलावा गया। निरीक्षण में स्वीकृत उपखनिज पट्टे पर ही खनन की पुष्टी हुई। टीम के संयुक्त निरीक्षण के बाद पिछले दिनों से चला आ रहे विवाद का भी पटाक्षेप हो गया।
सोमवार को श्री कैंची धाम तहसील के एसडीएम तुषार सैनी के निर्देश पर गठित खनन व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कोसी घाटी में हल्सों लग्गा बौरासीर क्षेत्र में स्वीकृत उपखनिज पट्टे का निरीक्षण किया। समीपवर्ती हल्सों व कोरड़ गांव के ग्रामीणों के उनकी कृषि भूमि में पट्टा संचालित किए जाने का आरोप लगाने व बीते दिनों मामले के तूल पकड़ने के बाद विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर नाप-जोख की। करीब तीन घंटे से भी अधिक समय तक चली नाप-जोख में सीमांकन के भीतर ही स्वीकृत क्षेत्र में खदान किए जाने की पुष्टि हुई। विभागीय अधिकारियों ने भूमि की स्थिति भी स्पष्ट की। शिकायत कर रहे ग्रामीणों को भी मौके पर बुलाकर उनकी निगरानी में ही विशेष टीम ने जांच की। विभागीय अधिकारियों ने कुमाऊं मंडल विकास निगम के स्वीकृत उपखनिज पट्टे पर ही नियमानुसार कार्य होने की जानकारी ग्रामीणों को दी। कोई भी संदेह होने पर स्थित स्पष्ट करने को कहा। नाप-जोख पूरी होने के बाद पिछले कई दिनों से चला आ रहा हाई वोल्टेज ड्रामे का भी पटाक्षेप हो गया। तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी के अनुसार जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। इस दौरान राजस्व उपनिरीक्षक सुरेश सनवाल, सर्वेयर विनोद बाराकोटी, सर्वे लेखाकार विकास चंद्र, सर्वे कानूनगो अखिलेश कुमार श्रीवास्तव, विनोद कुमार, राजेंद्र सिंह जैडा, कुबेर सिंह, मदन सिंह, गोपाल सिंह जैडा, खुशहाल हाल्सी आदि मौजूद रहे।
