🔳 बस में सवार यात्रियों में मची चीख पुकार
🔳 बस की रफ्तार कम होने से टल गया बड़ा हादसा
🔳 तीन घंटे से भी अधिक समय तक बनी रही जाम की स्थिति
🔳 पुलिस ने खैरना बाजार में रोके वाहन, पहाड़ी खदान कर बामुश्किल सुचारु करवाया यातायात
🔳 हाईवे की बदहाल स्थिति से आए दिन दुर्घटनाएं होने से क्षेत्रवासियों ने जताया रोष
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातीघाट क्षेत्र में खस्ताहाल हाईवे पर चलती केएमओ बस का टायर निकल जाने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही की बस खाई की ओर नहीं पलटी और बड़ा हादसा टल गया। दहशत में आए वाहन में सवार यात्री एक एक कर सुरक्षित बाहर निकल आए। बीच हाईवे पर बस का टायर निकलने से आवाजाही भी ठप हो गई। दोनों ओर छोटे बड़े वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर पहुंची खैरना पुलिस की टीम ने यातायात सुचारु करवाया। स्थानीय लोगों ने रातीघाट क्षेत्र में हाईवे की खस्ताहाल स्थिति पर गहरा रोष जताया है।
शनिवार को केएमओ बस यूके 04 पीए 0942 का चालक जीवन सिंह दोपहर में हल्द्वानी से करीब 35 यात्रियों को लेकर अल्मोड़ा की ओर रवाना हुआ। बस हाईवे पर रातीघाट क्षेत्र में पहुंची ही थी खस्ताहाल हाईवे पर एकाएक बस का आगे का एक पहिया निकल गया। पहिया निकलने से बस जोरदार आवाज के साथ हाईवे पर रुक गई। गनीमत रही की बस की रफ्तार कम थी जिस कारण बस असंतुलित नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया। चलती बस का पहिया निकलने से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। एक एक कर सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। बीच हाईवे पर बस के फंसने से जाम की स्थिति बन गई। दोनों ओर छोटे बड़े वाहन फंसते चले गए। सूचना पर खैरना पुलिस की टीम मौके की ओर रवाना हुई। जाम की स्थिति को देख अहतियातन खैरना क्षेत्र में वाहनों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया। चौकी प्रभारी प्रकाश मेहरा, राजेंद्र सती, जगदीश धामी, दर्शन चौधरी आदि पुलिसकर्मियों ने जाम में फंसे वाहन चालकों व यात्रियों को साथ लेकर हाईवे से सटी पहाड़ी का एक हिस्सा खोदकर बामुश्किल यातायात सुचारु करवाया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल यातायात सुचारु किया जा सका। आवाजाही सुचारु होने से यात्रियों व पर्यटकों ने भी राहत की सांस ली। स्थानीय तारा सिंह बिष्ट, पूरन सिंह, नीरज बिष्ट, डीके सती, विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया की चार वर्ष बीतने के बावजूद रातीघाट क्षेत्र में हाईवे के पांच सौ मीटर दायरे को दुरुस्त नहीं किया जा रहा। खस्ताहाल हाईवे पर आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं बावजूद एनएच प्रशासन अनदेखी पर आमादा है। अंदेशा जताया की कभी भी बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है। क्षेत्रवासियों ने तत्काल हाईवे को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई।
