🔳भवाली व क्वारब से वाया रामगढ़ होते हुए गंतव्य को भेजें गए वाहन
🔳सुबह मलबा व बोल्डर हटाए जाने के बाद फिर शुरु हुआ पत्थर गिरने का सिलसिला
🔳चौड़ीकरण को काटी गई पहाड़ी से बढ़ता जा रहा खतरा
🔳ग्रामीण सड़कों पर भी जान हथेली पर आवाजाही को मजबूर हुए ग्रामीण
🔳जलभराव से भी लोगों ने झेली परेशानी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर रात के समय आवाजाही प्रतिबंधित कर रुट डायवर्ट करने के बाद सुबह जेसीबी मशीनों की मदद से दो पांखी व अन्य क्षेत्रों में मलबा व पत्थर हटाए जाने के बाद आवाजाही सुचारु की गई। लगातार भूस्खलन व पत्थरो के गिरने से प्रशासन ने एक बार फिर आवाजाही प्रतिबंधित कर रुट डायवर्ट करने के निर्देश दे दिए। बाजार क्षेत्रों में जलभराव की समस्या से लोग परेशान रहे। एसडीएम विपिन चंद्र पंत के अनुसार जगह जगह पत्थरों के गिरने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर आवाजाही प्रतिबंधित कर रुट डायवर्ट कर दिया गया।
मूसलाधार बारिश से कुमाऊं की महत्वपूर्ण लाइफ लाइन के हालात बिगड़ गए हैं। दोपांखी क्षेत्र में चौड़ीकरण के नाम पर भारी भरकम जेसीबी मशीनों से बेतरतीब काटी गई थुआ की पहाड़ी से लगातार भूस्खलन होने से आवाजाही खतरनाक हो चुकी है वहीं अतिसंवेदनशील पाडली, भोर्या बैंड व लोहाली क्षेत्र में भी हालात विकट है। लगातार पत्थरों के गिरने से पिछले दो दिन हाइवे पर रात के वक्त रुट डायवर्ट कर दिया गया। सोमवार सुबह दोपाखी क्षेत्र में मशीनों की मदद से बामुश्किल पहाड़ी से गिरे मलबे, पेड़ व बोल्डरों को हटाए जाने के बाद यातायात सुचारु किया गया पर एकाएक पहाड़ी से लगातार पत्थरों के गिरने से प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ा। सुरक्षा के मद्देनजर एक बार फिर हाइवे पर रुट डायवर्ट कर दिया गया। भवाली व क्वारब से छोटे बड़े वाहनों को वाया रामगढ़ – नथुआखान होते हुए गंतव्य को भेजा गया। ग्रामीण सड़कों पर भी जगह जगह पहाड़ियों के दरकने से गिरे पत्थरों से लोग जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हुए। गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी को समय रहते ठोस उपाय न किए जाने से जलभराव से लोग परेशान रहे। कई लोगों के घरों व दुकानों में तक पानी घुस गया। बाजार क्षेत्र में भी जहां तहां पहाड़ी से पत्थर गिरने से अफरा तफरी मची रही। एसडीएम विपिन चंद्र पंत के अनुसार यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रख हाइवे पर आवाजाही बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। बारिश के कम होने पर खतरा टलने के बाद आगे का निर्णय लिया जाएगा।




