🔳 भवाली गांव जिला पंचायत सीट पर गरमाया माहौल
🔳 प्रत्याशी ने निवार्चन अधिकारी को दर्ज कराई आपत्ति
🔳 भाजपा से बगावत कर मैदान में उतरे प्रत्याशी ने भी झोंकी ताकत
🔳 खुद के साथ हुए षड्यंत्र का हवाला दे जनता से मांगा न्याय
[[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]]

पंचायत चुनाव के दंगल में प्रत्याशी आम जन के बीच पैठ बनाने की जुगत के साथ ही विपक्षी प्रत्याशियों को घेरने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ना चाह रहे। भवाली गांव जिला पंचायत से प्रत्याशी एस लाल ने विपक्षी की शैक्षिक योग्यता पर सवाल खड़े कर निर्वाचन विभाग को आपत्ति दर्ज करा दी है वहीं एक अन्य प्रत्याशी के जिला पंचायत सीट पर मतदाता न होने पर भी तंज कसा है।
पंचायत चुनाव में नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब माहौल गरमा गया है। प्रत्याशियों ने भी भागदौड़ तेज कर दी है। ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत सदस्य की दौड़ में शामिल दावेदार माहौल अपने पक्ष में करने में जुट गए हैं। इसी बीच भवाली गांव जिला पंचायत सीट से प्रत्याशी एस लाल ने चुनाव मैदान में उतरे एक अन्य दावेदार की शैक्षिक योग्यता पर सवाल खड़े कर हड़कंप मचा दिया है। एस लाल ने आरोप लगाया की चुनाव लड़ रहा एक प्रत्याशी महज छठी पास है। जिला पंचायत के लिए नियमानुसार वह अहर्ता नहीं रखता। एस लाल ने मामले में आपत्ति दर्ज करा नामांकन रद्द करने की भी मांग उठाई है वहीं एक अन्य प्रत्याशी के भवाली गांव जिला पंचायत सीट का मतदाता तक न होने पर कई सवाल उठा दिए हैं। वहीं भाजपा से टिकट की दावेदारी करने वाले यशपाल आर्या ने भी प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। लगातार पार्टी की सेवा के बाद अंतिम समय पर विधायक सरिता आर्या के पुत्र रोहित आर्या को अधिकृत प्रत्याशी बनाए जाने पर वह खुद के साथ हुए षड्यंत्र का हवाला दे माहौल बनाने में जुटे हुए हैं। फिलहाल मतदाता अभी चुप्पी साधे हुए हैं। अब देखना रोचक होगा जनता किसे भवाली गांव जिला पंचायत सीट से अपना पसंदीदा सदस्य चुनकर जिला पंचायत भेजती है और किसे नकार कर चारों खाने चित्त करती है।

error: Content is protected !!