🔳 बरसाती नाली के बंद होने से बाजार में बिखरी गंदगी
🔳 बारिश के पानी के साथ घरों व दुकानों तक में पहुंचा कूड़ा
🔳 अव्यवस्था पर व्यापारियों व क्षेत्रवासियों ने जताया रोष
🔳 जल्द व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
लंबे समय बाद हुई बारिश ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित बाजार क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बरसाती नाली के बंद पड़े होने से गंदगी बाजार क्षेत्र में जहां तहां फैल गई। बरसाती पानी ने लोगों के घरों व दुकानों की ओर भी रुख किया। अव्यवस्था से क्षेत्रवासियों ने गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की लंबे समय से नाली सफाई की मांग उठाई गई पर सुध नहीं ली जा सकी और बारिश में इसका खामियाजा उठाना पड़ा।
मध्य रात्रि से बारिश के रफ्तार पकड़ने के बाद लगातार बढ़ रहे तापमान में कमी आ गई तथा ठंड में एक बार फिर इजाफा हो गया। वहीं बारिश ने हाईवे पर स्थित गरमपानी, खैरना, चमड़ियां, छड़ा, सुयालबाडी आदि बाजार क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की कलई खुल गई। बाजार में बनी बरसाती नालियों के बंद रहने से बारिश के पानी में बहकर गंदगी बाजार क्षेत्रों में फ़ैल गई। आवाजाही करने वाले लोगों को गंदगी से परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दुकानों व घरों में तक गंदगी पहुंचने से लोग परेशान रहे। व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद, भैरव नैनवाल, मनोज नैनवाल, गोविन्द सिंह नेगी ने अव्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की लगातार नालियों की सफाई कराए जाने की मांग उठाई जाती रही है पर जिम्मेदार अधिकारियों ने हमेशा अनदेखी की है। जिसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। व्यापारियों व स्थानीय लोगो ने बरसात से पूर्व जल्द नालियों की सफाई करवाए जाने की मांग उठाई है। अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी दी है।