🔳 दो घंटे बाद बामुश्किल सुचारु हो सका यातायात
🔳 शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो सड़क पर ठप रही आवाजाही
🔳 चार घंटे से भी अधिक समय तक फंसे रहे वाहन
🔳 मलबा व पत्थर हटाए जाने के बाद शुरु हो सकी आवाजाही
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर क्वारब क्षेत्र में जर्जर हालत में पहुंच चुकी पहाड़ी से हुए भूस्खलन से करीब दो घंटे आवाजाही ठप रही। शहीद बलवंत सिंह भुजान बर्धो मोटर मार्ग पर भी काली पहाड़ी के दरकने से चार घंटे वाहनों की रफ्तार थमीं रही। बारिश के कारण मलबा व पत्थर हटाने का कार्य भी कई बार प्रभावित हुआ। लोडर मशीनों से मलबा हटाए जाने के बाद बामुश्किल यातायात सुचारु हो सका।
शुक्रवार को नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर स्थित क्वारब क्षेत्र में खस्ताहाल पहाड़ी से बारिश के बीच दोपहर बारह बजे के आसपास एकाएक भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से मलबा व पत्थर गिरने से आवाजाही ठप हो गई। दोनों ओर छोटे बड़े वाहनों की कतार लगी रही। लगातार पत्थरों के गिरने से मलबा हटाने का कार्य प्रभावित हो गया। लोडर मशीन चालक को बार बार पीछे हटना पड़ा। पत्थरों के गिरने का क्रम थमने के बाद लोडर मशीन से मलबा हटाए जाने के बाद बामुश्किल दो घंटे बाद यातायात सुचारु हो सका। बीच बीच में भी कई बार आवाजाही ठप हुई। यात्री व वाहन चालक जान हथेली पर रख आवाजाही करते रहे। इधर बेतालघाट समेत तमाम गांवों को जोड़ने वाले शहीद बलवंत सिंह बर्धो मोटर मार्ग पर काली पहाड़ी के दरकने से घंटों तक सड़क बंद रही। आवाजाही करने वाले ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा ने लोनिवि के अधिकारियों को सूचना दे मौके पर लोडर मशीन बुलवाई। बामुश्किल चार घंटे बाद यातायात सुचारु हुआ।