🔳अतिसंवेदनशील दोपांखी क्षेत्र में पहाड़ी से एकाएक गिरे पत्थरों से हड़कंप
🔳खतरे के बीच दिन भर जान हथेली पर रख आवाजाही करते रहे यात्री वाहन
🔳खैरना बाजार में जलभराव ने खोली व्यवस्था की पोल
🔳बाजार क्षेत्र में बिगड़ रहे हालातों से व्यापारी आक्रोशित

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

रुक रुक कर हो रही बारिश ने अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित गरमपानी खैरना बाजार में आफत खड़ी कर दी है‌। जगह जगह जलभराव व गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से व्यापारी परेशान हैं। वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिगड़ते जा रहे हालातों से क्षेत्रवासियों में गहरा रोष भी व्याप्त है। अतिसंवेदनशील दो पांखी क्षेत्र में भी पहाड़ी से गिरे बड़े बड़े पत्थरों की चपेट में कई वाहन बाल बाल बच गए।
मानसूनी बारिश से जहां एक ओर तपिश से राहत मिल चुकी है तो वहीं दूसरी ओर तमाम दिक्कतें भी खड़ी हो गई है। शनिवार को अतिसंवेदनशील दोपांखी क्षेत्र में थुआ की पहाड़ी से एकाएक गिरे बड़े बड़े पत्थरों की चपेट में आने से हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर जा रहा यात्री वाहन बाल बाल बच गया। वाहन चालक की सूझबूझ से बड़ी घटना टल गई। लगातार पत्थर गिरने से आवाजाही भी ठप हो गई। वाहन चालकों ने भी वाहन जहां रोक लिए। पत्थरों के गिरने का क्रम थमने के बाद खतरे की बीच यातायात फिर सुचारु हो गया। इधर खैरना बाजार क्षेत्र में बारिश का पानी मुसीबत का सबब बन गया। बाजार में बने चुके बड़े बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से आवाजाही खतरनाक हो गई। कई लोगों की दुकानों व घरों तक पानी घुस गया। अव्यवस्था से व्यापारियों व पंचायत प्रतिनिधियों ने नाराजगी जता। आरटीआई कार्यकर्ता कृपाल सिंह मेहरा, व्यापारी नेता दीपक पांडे, मनीष तिवारी, मोहित जोशी, बसंत गोस्वामी के अनुसार कई बार बाजार क्षेत्र में व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई जा चुकी है बावजूद सुध नहीं ली जा रही जिसका खामियाजा क्षेत्रवासियों को भुगतना पड़ रहा है। बाजार क्षेत्र में आवाजाही खतरनाक हो चुकी है‌। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, गोविन्द सिंह, विनोद मेहरा, महेंद्र सिंह बिष्ट ने जल्द व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई है।