🔳 श्रीमद् भागवत कथा से भराड़ी गांव का माहौल भक्तिमय
🔳 दूरदराज के गांवों से उमड़ा आस्था का सैलाब
🔳 भजन मंडली की शानदार प्रस्तुति पर थिरके श्रद्धालु
🔳 गांवों की सुख, शांति व समृद्धि को हुई विशेष प्रार्थना
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के सिमलखा गांव के भराड़ी तोक में श्रीमद् भागवत कथा से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। दूरदराज के गांवों से भी श्रद्धालु कथा श्रवण को पहुंच रहे हैं। देर शाम तक भजन कीर्तनों का दौर जारी है। समिति सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से बढ़कर भागीदारी कर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।
शुक्रवार सुबह धर्माचार्य हिमांशु मिश्रा व अतुल तिवारी ने देवी देवताओं का आह्वान कर यजमानों से धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए। सुख, शांति व समृद्धि को विशेष प्रार्थना की गई। कथा व्यास आचार्य दया कृष्ण कांडपाल ने दक्ष प्रजापति की कथा का वर्णन किया। बताया की ईर्ष्या ही मनुष्य के नाश का सबसे बड़ा कारण बनती है। कहा की गोस्वामी तुलसीदास ने लिखा है की दुष्टों के हृदय में अधिक संताप रहता है। दुष्ट मनुष्य दूसरों का सुख देखकर परेशान रहते हैं। ऐसे लोग यदि कहीं किसी की निंदा सुन ले तो ऐसे खुश होते हैं जैसे कोई खजाना मिल गया हो। बताया की कलयुग में दुष्ट मनुष्य झुंड में मिलते हैं। कथा व्यास ने कहा की मनुष्य हरि भजन कर दुख व दरिद्रता से मुक्ति पा जाता है। कथा श्रवण को बेतालघाट ब्लॉक के दूर दराज गांवों से भी श्रद्धालु भराड़ी गांव पहुंचे। भजन मंडली ने शानदार प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। आयोजन समिति सदस्य दिनभर व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।