🔳 हाईवे पर सुबह से शाम तक रेंगते रहे वाहन, लगी रही वाहनों की कतार
🔳 जाम में फंसने से बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे हुए परेशान
🔳 लगातार बढ़ रही समस्या का समाधान न होने से लोगों में नाराजगी
🔳 कई श्रद्धालुओं ने भवाली से कैंची धाम तक पैदल ही नापी दूरी
🔳 कैंची धाम में हजारों भक्तों ने टेका मत्था
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र में जाम ने विकराल रुप धारण कर लिया। आवाजाही कर रहे यात्री व पर्यटक घंटों तक जाम में फंसे रहे। सुबह से शाम तक हाईवे पर वाहन रेंगते रहे। लोगों को भवाली से खैरना तक पहुंचने में महज बीस किलोमीटर की दूरी नापने में छह घंटे का समय लग गया। घंटों जाम में फंसे रहने से यात्रियों व पर्यटकों को काफि परेशानियों का सामना करना पड़ा। कैंची धाम में भी शाम तक हजारों भक्तों ने मत्था टेका।
कुमाऊं की लाइफ लाइन पर कैंची क्षेत्र में जाम एक बड़ी समस्या बन चुका है। विकेंड पर हालात बद से बद्तर हो जा रहे हैं। कैंची धाम में हजारों श्रद्धालुओं के उमड़ने व यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने को ठोस उपाय न होने से हाईवे पर आवाजाही करने वाले यात्रियों को जाम से जूझना पड़ रहा है। रविवार को सुबह से ही हाईवे पर स्थित बिगड़नी शुरु हो गई। दिन चढ़ने के साथ ही वाहन रेंगने लगे। गरमपानी से कैंची तथा भवाली से कैंची तक छोटे बड़े वाहनों की कतार लग गई। घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहने से वाहन चालकों के साथ ही वाहनों में सवार बुजुर्ग, महिलाएं व बच्चे परेशान हो गए। जाम में फंसे रानीखेत निवासी किसन सिंह के अनुसार भवाली से गरमपानी पहुंचने में ही छह घंटे का लंबा समय लग गया। शाम तक हाईवे पर वाहनों की कतार लगी रही। यातायात व्यवस्था में सुधार न किए जाने पर यात्रियों व पर्यटकों ने गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की लंबे समय से समस्या बनी हुई है बावजूद सुधार को ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, पूर्व सैनिक मनोज सिंह, राकेश जलाल, कृपाल सिंह मेहरा, दयाल सिंह दरमाल, कुबेर सिंह जीना, पंकज नेगी, पंकज भट्ट आदि ने हाईवे पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।