🔳 मुख्यमंत्री के तबादले आदेश प्रक्रिया का कड़ाई से पालन किए जाने की मांग
🔳 तहसील दिवस पर महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों के न पहुंचने का मामला पकड़ा तूल
🔳 सत्ता व विपक्ष से जुड़े प्रतिनिधियों ने जताई गहरी नाराजगी
🔳 तहसीलदार ने भी मामले को गंभीरता से ले डीएम को भेजी रिपोर्ट
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट क्षेत्र में हुए तहसील दिवस में छह महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों के न पहुंचने का मामला तूल पकड़ गया है। किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप बोहरा ने अधिकारियों की लापरवाही पर गहरी नाराजगी जताई है। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लंबे समय से एक ही क्षेत्र में जमें अधिकारियों के तबादले के आदेश का कढ़ाई से पालन किए जाने पर जोर दिया है। साफ कहा की महत्वपूर्ण बैठकों की अनदेखी अधिकारियों के लंबे समय से एक ही क्षेत्र में जमें रहने का प्रमुख कारण है।
तहसील दिवस पर जल संस्थान, नागरिक आपूर्ति, नलकूप खंड रामनगर, पुलिस विभाग समेत छह विभागों के अधिकारियों के न पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली की कड़े शब्दों में निंदा की है। सत्ता व विपक्ष से जुड़े नेताओं ने भी मामले को गंभीरता से ले लिया है। तहसीलदार बेतालघाट भुवन चंद्र भंडारी ने भी गैरहाजिर अधिकारियों की रिपोर्ट जिलाधिकारी नैनीताल वंदना सिंह को भेज दी है। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिलीप सिंह बोहरा ने लापरवाह अधिकारियों को तत्काल हटाए जाने पर जोर दिया है। दिलिप ने सीएम पुष्कर सिंह धामी के लंबे समय से जमे अधिकारियों के तत्काल तबादलों के आदेश को एकदम जायज ठहराते हुए कहा की कई अधिकारी कर्मचारी लंबे समय से एक ही स्थान पर रहकर मनमानी पर आमादा हो चुके हैं। गांव के लोगों की समस्याओं की अनदेखी कर हितों से खिलवाड़ किया जा रहा है। आरोप लगाया की तहसील दिवस जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में सूदूर गांवों से लोग समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं पर जिम्मेदार अधिकारी बैठकों में आना जरुरी नहीं समझ रहे। भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री के आदेश के पालन में लंबे समय से जमें अधिकारियों की सूची तैयार कर जल्द तबादले पर जोर दिया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शेखर दानी ने भी अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। आरोप लगाया की जिम्मेदार अफसर एसी कमरों से बाहर नहीं निकल रहे और छोटे कर्मचारी को महत्वपूर्ण बैठकों में भेज इतिश्री कर दी जा रही है जिसका खामियाजा गांवों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति उपाध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, संजय सिंह, मनीष तिवारी, पंकज नेगी, कुबेर सिंह आदि ने मनमानी पर आमादा हो चुके अधिकारियों के तबादले पर जोर दिया है ताकी सीएम के आदेशों का पालन हो सके और व्यवस्था से खिलवाड़ भी न हो।