🔳 खेल दिवस पर हुई विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं
🔳 अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज व जेएनवी सुयालबाडी में हुए विभिन्न कार्यक्रम
🔳 मेजर ध्यानचंद के आदर्शों को आत्मसात करने का किया गया आह्वान
🔳 खेलकूद प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट]]]]]

अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बेतालघाट में राष्ट्रीय खेल दिवस पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद किया गया। विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने खूब पसीना बहाया। जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाड़ी) में भी खेल दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यार्थियों से अधिक से अधिक खेलों में प्रतिभाग का आह्वान किया गया।
गुरुवार को राष्ट्रीय खेल दिवस पर जीआइसी बेतालघाट में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य दीप चंद्र त्रिपाठी ने मां सरस्वती के चित्र के समीप दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शिक्षक राजपाल सिंह ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जीवन पर प्रकाश डाल प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कवि राजकुमार भंडारी ने मेजर ध्यानचंद के जीवन पर कविता पाठ किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। हाथी छू प्रतियोगिता में ब्लू हाउस पहले व ग्रीन हाउस दूसरे स्थान पर रहा। मुर्गा झपट में यलो हाउस ने पहला तथा रेड हाउस ने दूसरा स्थान हासिल किया। पिक एंड रन में रेड हाउस पहले व ब्लू हाउस दूसरे पायदान पर रहा। खेल प्रभारी केडी सिंह की देखरेख में हुई प्रतियोगिताओं में डा. संजय सिंह, मोहन लाल, अल्ताफ शाह, दिलीप फर्त्याल, सत्यदेव सिंह, डा. अरविंद मिश्रा, अमिता जोशी, एबी सिंह, संजय शर्मा ने सहयोग किया। इधर जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट सुयालबाड़ी में खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ प्राचार्य पीसी उपाध्याय ने किया। वरिष्ठ शिक्षक नीरज तिवारी ने मेजर ध्यानचंद के जीवन के रोचक प्रसंगों व उनके योगदान के बारे में बताया। खेल शिक्षिका पप्पल चौधरी की देखरेख में विद्यालय के खेल मैदान में वॉलीबॉल, खो-खो, क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, चम्मच दौड़ समेत कई प्रतियोगिताएं हुई। विजेताओं को सम्मानित किया गया।