🔳दोपांखी क्षेत्र में नियमों को ताक पर रख नदी में किया जा रहा मलबा निस्तारण
🔳मलबे ने रोका नदी का प्रवाह, पेयजल व सिंचाई योजनाएं भी हो सकती है प्रभावित
🔳मलबा निस्तारण को डंपिंग जोन होने के बावजूद की जा रही मनमानी
🔳स्थानीय लोगों ने नदी से मलबा हटाने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
पवित्र शिप्रा नदी पर मलबा डाल नदी का प्रवाह रोक दिया गया है। नदी का प्रवाह रुकने से तमाम पेयजल व सिंचाई योजनाएं के प्रभावित होने का अंदेशा बढ़ गया है। वहीं आगामी बरसात में मलबा गरमपानी व खैरना क्षेत्र में तबाही का बड़ा कारण भी बन सकता है। क्षेत्रवासियों ने नदी में मलबा डालना प्रतिबंधित किए जाने की मांग उठाई है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर दोपांखी क्षेत्र में हाइवे चौड़ीकरण का कार्य गतिमान है। चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ी खोद धड़ल्ले से मलबा पवित्र शिप्रा नदी क्षेत्र में डाल दिया जा रहा है। नदी क्षेत्र में मलबे का ढेर लग जाने पवित्र नदी का प्रवाह भी रुक गया है। नदी आगे जाकर कोसी नदी नदी से मिलती है। नदी पर मलबा डाले जाने से कई पेयजल व सिंचाई योजनाओं के प्रभावित होने का खतरा भी कई गुना बढ़ गया है। व्यापारी नेता मनीष तिवारी के अनुसार नदी में मलबा डालना प्रतिबंधित होने के बावजूद चौड़ीकरण कार्य में जुटी कार्यदाई कंपनी पहाड़ी पर खदान कर जरुरत के लिए पत्थर निकाल दे रही है जबकि मलबा नदी में डाल दिया जा रहा है जिससे भविष्य में बड़ा खतरा सामने आने का खतरा बन गया है। सुनील मेहरा, बिशन जंतवाल, गोविन्द सिंह, महेंद्र सिंह, पंकज नेगी, विनोद मेहरा, पंकज भट्ट आदि ने नदी में मलबा डालने व प्रवाह रोकने पर गहरा रोष जताया है। नदी में मलबा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे के अनुसार मलबा निस्तारण को डंपिंग जोन बनाया गया है। नदी में मलबा नहीं डालना है।




