🔳 बेतालघाट के रोपा गांव में संगीतमय शिवमहापुराण कथा का भंडारे के साथ पारायण
🔳 भंडारे में आसपास के गांवों से उमड़ा रहा आस्था का सैलाब
🔳 देवाधिदेव महादेव के जयकारों से गुंजायमान हुई कोसी घाटी
🔳 देर शाम तक जारी रहा भजन कीर्तनों का दौर
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के रोपा गांव में संगीतमय शिवमहापुराण कथा का हवन पूर्णाहुति व महाआरती के बाद लगे भंडारे के साथ पारायण हो गया। विशेष मंत्रोच्चार के साथ कोसी घाटी के गांवों की सुख, शांति व समृद्धि को विशेष प्रार्थना की गई। भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने को दूरदराज के गांवों से भी आस्था का सैलाब उमड़ा। मंदिर समिति पदाधिकारियों ने कार्यक्रम के सफलता पर क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
शुक्रवार को रोपा गांव स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर में रोजाना की तरह धर्माचार्य प्रेम जोशी व कैलाश कांडपाल ने यजमान केवल सिंह, तारा भंडारी, ललित रिखाडी व चतुर सिंह भंडारी, राजेन्द्र सिंह, सतीश पांडे, गिरीश पांडे, बालम सिंह, दीवान सिंह जलाल से विधी विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए। विशेष मंत्रोच्चार के साथ गांवों की सुख, शांति व समृद्धि को प्रार्थना की गई। भजन मंडली ने शानदार भजनों की प्रस्तुति दे श्रद्धालुओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। कथा व्यास आचार्य सतीश लोहनी ने देवाधिदेव महादेव की महिमा का गुणगान किया। कहा की जिस क्षेत्र में शिवमहापुराण कथा का आयोजन होता है वह क्षेत्र तमाम तरह की आपदाओं से मुक्त हो जाता है। कथा व्यास ने भक्तों से हमेशा सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। कथा श्रवण को बेतालघाट, घोड़ियां हल्सों, चापड़, अमेल, मल्ली सेठी, आमबाडी, नैनीचैक, रतौडा, ऊंचाकोट समेत तमाम गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। देवाधिदेव महादेव के जयकारों से समूचा माहौल गुंजायमान हो उठा। दोपहर में विशेष मंत्रोच्चार के साथ हवन, पूर्णाहुति व महाआरती के बाद भंडारा लगा। सूदूर गांवों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। देर शाम तक भजन कीर्तनों का दौर जारी रहा। आयोजन समिति सदस्य व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।