🔳 ग्रामीणों ने हो हल्ला मचाकर युवाओं को चेताया
🔳 खतरे से अनजान चारों युवकों ने घंटों तक नदी में लगाई डुबकी
🔳 सभी के सुरक्षित नदी से बाहर निकल आने पर ली लोगों ने राहत की सांस
🔳 ग्रामीणों ने गहराई व भंवर वाले स्थानों पर नहाना प्रतिबंधित करने की मांग फिर दोहराई
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर नावली क्षेत्र में ख़तरे वाले स्थान पर चार युवकों के नहाने उतरने से हड़कंप मच गया। पूर्व में इसी स्थान पर हल्द्वानी के एक युवक की नहाने के दौरान डूबने से मौत भी हो चुकी है। युवकों को आसपास के लोगों ने आवाज दे नहाने से मना भी किया बावजूद चारों युवा घंटों तक नदी में डटे रहे। स्थानीय लोगों ने एक बार फिर गहराई व भंवर वाले स्थानों पर नहाना सख्ती से प्रतिबंधित करने की मांग उठाई है।
तपिश बढ़ने के साथ ही हाईवे पर आवाजाही करने वाले यात्री व पर्यटक कोसी नदी में खतरे व भंवर वाले स्थानों पर जान जोखिम में डाल नहाने उतर जा रहे हैं। बुधवार को नावली बाजार के समीप चार युवक नदी क्षेत्र में उस स्थान पर नहाने उतर गए जहां बीते वर्ष हल्द्वानी के युवक की डूबने से मौत हो गई। चार युवकों को खतरे वाले स्थान पर नहाने उतरते देख आसपास के ग्रामीणों ने हो हल्ला मचाकर उनको चेताया भी पर युवकों ने एक न सुनी और घंटों तक नदी में नहाते रहे। युवकों के खतरे वाले स्थान पर नहाने से लोगों को युवकों की चिंता भी सताने लगी। घंटों बाद युवकों के नदी से बाहर आने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों ने युवाओं को पूर्व में हुई घटना की जानकारी भी दी। क्षेत्रवासियों ने कोसी नदी में गहराई व भंवर वाले स्थानों पर नहाना सख्ती से प्रतिबंधित किए जाने की मांग पुलिस प्रशासन से की है। अंदेशा जताया है की यदि समय रहते ठोस उपाय नहीं किए गए तो फिर कभी भी बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *