🔳आग की लपटों से घिरे छिमी गांव को बामुश्किल बचाया
🔳वन, पुलिस व दमकल विभाग की टीम ने पाया आग पर काबू
🔳धुएं के गुबार ने सुयालबाड़ी – छिमी- रामगढ़ मार्ग पर रोकी रफ्तार
🔳 बड़ी घटना टलने के बाद ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रामगढ़ ब्लॉक के छिमी गांव से सटे जंगल में आग बेकाबू होने से हड़कंप मच गया। आग की लपटों के आबादी के नजदीक तक पहुंचने से अफरा तफरी मच गई। दमकल विभाग के जवानों व पुलिस, वन विभाग तथा स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल सात घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। धुंए के गुबार से सड़क पर आवाजाही भी प्रभावित हो गई।
गांवो से सटे जंगल वनाग्नि की चपेट में आकर राख होते जा रहे हैं। बेसकिमती वन संपदा के खाक होने के बाद अब आग आबादी के नजदीक तक पहुंचकर तांडव करने लगी है। रामगढ़ व बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों से सटे जंगल आग की चपेट में आ चुके हैं। गुरुवार को रामगढ़ ब्लॉक के छिमी गांव से सटे क्षेत्र में आग धधक उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप ले लिया। सख्ते में भी आए गांव के बाशिंदों ने अनहोनी की आंशका को देख पुलिस व वन विभाग के साथ ही जिला मुख्यालय स्थित दमकल विभाग से संपर्क साधा। सूचना पर हरकत में आई उत्तरी गोला रेंज नथुआखान व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। गांव के बाशिंदों को साथ लेकर आग बुझाने को अभियान शुरु किया गया। कुछ ही देर में दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। करीब सात घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल आबादी तक पहुंची आग की लपटों पर काबू पाया जा सका। आग से उठ रहे धुएं से सुयालबाड़ी – छिमी – नथुआखान मोटर मार्ग पर भी काफि देर तक आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस टीम ने यातायात सुचारु करवाया।




