🔳 विस्फोटक की चपेट में आकर युवक गंभीर रुप से घायल
🔳 दोनों हाथ के साथ चेहरा हुआ बुरी तरह जख्मी
🔳 प्राथमिक उपचार के बाद किया गया हायर सेंटर रेफर
🔳 जौरासी के समीप हुई घटना से मचा हड़कंप
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे के समीप बहने वाली कोसी नदी में मछलियों का शिकार करना स्थानीय युवक को भारी पड़ गया। मछलियां मारने को इस्तेमाल किया जा रहा गंधक पोटाश का मिश्रण युवक के हाथ में फट गया। जोरदार धमाके से घायल हुए युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
कोसी नदी क्षेत्र में मछलियों का शिकार आम बात हो गई है। आए दिन नदी क्षेत्र में करंट व गंधक पोटाश के मिश्रण से मछलियों का शिकार किया जा रहा है। लगातार मामला उठने के बाद पुलिस प्रशासन के सुध न लेने से अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हैं। गुरुवार को मछलियों के शिकार को साथियों के संग जौरासी क्षेत्र के समीप कोसी नदी में पहुंचे चमड़ियां निवासी नरेंद्र कुमार को भारी पड़ गया। नरेंद्र गंधक पोटाश के मिश्रण से नदी में डालने की तैयारी कर रहा था की तभी जोरदार धमाका हो गया। धमाके की चपेट में आकर नरेंद्र बुरी तरह घायल हो गया। उसके चेहरे तथा दोनों हाथों में विस्फोटक की चपेट में आने से गंभीर चोट पहुंची। एकाएक हुए धमाके से हड़कंप मच गया। नरेंद्र के साथ पहुंचे साथी भी घबरा गए। आनन फानन में निजी वाहन की मदद से घायल को उपचार के लिए सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने नरेंद्र का प्राथमिक उपचार कर उसे नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। नदी क्षेत्र में हुई घटना से स्थानीय लोग सख्ते में आ गए हैं। क्षेत्रवासियों ने कोसी व शिप्रा नदी में बेरोकटोक हो रहे मछलियों के शिकार पर अंकुश लगाने की पुरजोर मांग उठाई साथ ही प्रतिबंधित गंधक पोटाश की बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई पर जोर दिया है। सीएचसी के चिकित्सक डा. अनिल गंगवार के अनुसार विस्फोटक से युवक के हाथों व चेहरे को काफि नुकसान पहुंचा है। फिलहाल प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
