🔳जुए का फड़ संचालित करने वाले मारपीट पर हुए उतारु
🔳तू तू मैं मैं से शुरु हुआ मामला हाथापाई तक पहुंचा
🔳बाजार क्षेत्र में हुई घटना से हड़कंप, लोगों में नाराजगी
🔳पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे संचालित किया जा रहा जुए का अड्डा
🔳कई लोग हो चुके बर्बाद, अनहोनी का भी बढ़ता जा रहा अंदेशा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

खैरना बाजार में संचालित जुए के अड्डे में दो पक्षों में विवाद बढ़ने से हड़कंप मच गया। मामला हाथापाई तक जा पहुंचा। अवैध फड़ संचालित करने वाले ने दूसरे पक्ष के युवक को पीट दिया। बाजार क्षेत्र में पुलिस प्रशासन को चुनौती दे संचालित किए जा रहे जुए के अड्डे से क्षेत्र का माहौल लगातार बिगड़ते जा रहा है। कभी भी बड़ी अनहोनी का अंदेशा भी बना हुआ है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में लंबे समय से जुए का अवैध फंड संचालित किया जा रहा है। जुए का अड्डा संचालित करने वाले अराजक तत्व पुलिस प्रशासन की आंखों में धुल झोंक जुए का अड्डा संचालित कर कई परिवारों को बर्बाद कर चुके हैं वहीं आए दिन विवाद होने से क्षेत्र का माहौल भी बिगड़ते जा रहा है। बीते मंगलवार रात भी जुए के अड्डे पर दो पक्षों में विवाद गहरा गया। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। जुए के अड्डा संचालित करने वाले ने समीपवर्ती गांव से पहुंचे युवक को पीट डाला। हंगामा बढ़ने से अफरा तफरी मच गई। बाजार क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया। जुए के अड्डे से भी सभी लोग फरार हो गए। बाजार क्षेत्र में दिन रात संचालित हो रहे जुए के अड्डे से स्थानीय लोगों में भी गहरी नाराजगी है। नौनिहालों के भी जुए का लती होने का अंदेशा बना हुआ है। आसपास के क्षेत्रों से भी लोग जुए के अड्डे पर पहुंच रहे हैं। शराब के नशे में जुए के अड्डे पर खूब जमघट लग रहा है। बीती रात हुई घटना से लगातार माहौल खराब होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने बाजार क्षेत्र में खुलेआम संचालित हो रहे जुए के अड्डे पर रोक लगाने पर जोर दिया है। चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के अनुसार मारपीट का कोई भी मामला फिलहाल संज्ञान में नहीं आया है। यदि जुए का अड्डा संचालित हो रहा है तो निश्चित रुप से कार्रवाई कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।