🔳दुर्घटना का खतरा बढ़ने से जोखिम में जिंदगियां
🔳हाइवे से उड़ रही धूल से बाजार क्षेत्रों के बाशिंदे परेशान
🔳व्यापारियों ने अधिकारियों पर लगाया अनदेखी किए जाने का आरोप
🔳व्यवस्था में जल्द सुधार न किए जाने पर आंदोलन का ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे की बदहाली पर व्यापारियों की नाराजगी बढ़ते ही जा रही है। जगह जगह निर्माण सामग्री फैलने से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है वहीं बरसाती नाली खोलने के कार्य में हाइवे पर मिट्टी फैल जाने से जोखिम कई गुना बढ़ गया है वहीं हाइवे से उठ रही धूल से आवाजाही करने वाले लोग परेशान है। व्यापारी नेता नीरज सिंह बिष्ट ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है की लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है।
कुमाऊं की महत्वपूर्ण लाइफ लाइन पर अव्यवस्था परेशानी का सबब बन चुकी है। चार वर्ष पूर्व जगह जगह भूस्खलन के जद में आए हाइवे पर दुर्घटना का खतरा बना हुआ है तो वहीं कमजोर हो चुकी पहाड़ियों से गिरते पत्थर खतरा कई गुना बडा़ दे रहे हैं। हाइवे की बदहाली से आवाजाही करने वाले यात्री जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हैं। विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली भी एनएच पर आवाजाही करने वाले लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। जगह जगह फैली निर्माण सामग्री से दोपहिया वाहन चालकों के लिए आवाजाही खतरनाक हो चुकी है। बड़े वाहन भी रपटने लगे हैं। बरसाती नाली खोलने के कार्य में भी काफि मिट्टी हाइवे पर ही छोड़ दिए जाने से धूल परेशानी बन चुकी है। रातीघाट के व्यापारी व भाजपा नेता नीरज सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया की भारी भरकम लोडर मशीन से नाली खुलवाई जा रही है जिससे अधिकांश मिट्टी हाइवे पर ही छूट जा रही है। वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ने से लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तारा सिंह बिष्ट, पूरन सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गजेन्द्र सिंह, विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने जगह जगह फैली निर्माण सामग्री हटाने व नाली सफाई के कार्य के बाद हाईवे पर फैली मिट्टी को हटवाए जाने की मांग उठाई है। अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।