🔳 भगवान शिव के जयकारों से कोसी घाटी का माहौल शिवमय
🔳 शिवमहापुराण कथा श्रवण को आसपास के गांवों से उमड़ रहा आस्था का सैलाब
🔳 भजन मंडली ने शानदार प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को थिरकने पर किया मजबूर
🔳 जाख गांव में हवन, पूर्णाहुति व महाआरती के बाद लगा भंडारा
{{{{ टीम तीखी नजर की }}}}

जीवनदायिनी कोसी व पवित्र शिप्रा नदी के तट पर स्थित सोमवारी आश्रम में संगीतमय शिवमहापुराण कथा ज्ञान यज्ञ से माहौल शिवमय बना हुआ है। कथा श्रवण को आसपास के गांवों से आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। इधर जाख गांव में स्थित देवी मंदिर में अखंड रामायण पाठ के बाद भंडारा लगा। विशेष मंत्रोच्चार के साथ क्षेत्र की सुख, शांति व समृद्धि को प्रार्थना की गई।
खैरना स्थित सोमवारी आश्रम, गुफा महादेव में रोजाना की तरह धर्माचार्य भानू पांडे व कमल पांडे ने यजमान दीप चंद्र पांडे, दीपक गोस्वामी व देवेश कांडपाल से विधी विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए। पूजा अर्चना के साथ दोपहर में कथा पाठ किया गया। कथा व्यास आचार्य कैलाश चंद्र भट्ट ने देवाधिदेव महादेव की लीलाओं का गुणगान किया। कहा की भोलेनाथ इस संसार के पालनकर्ता व दुखहर्ता है। सावन के महीने पार्थिव पूजन को जरुरी बताया। कहा की सच्चे मन से देवाधिदेव महादेव के स्मरण से सभी कष्टों का निवारण हो जाता है। कथा श्रवण को आसपास के मझेडा, डोबा, छडा़, लोहाली, सुयालखेत, सुयालबाड़ी, रातीघाट, बारगल, सूरीफार्म आदि तमाम गांवों से बाबा भक्त शिवालय पहुंचे। भजन मंडली ने शानदार भजनों की प्रस्तुति दे श्रद्धालुओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। उधर बेतालघाट ब्लॉक के जाख गांव में पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जयकारों से माहौल गुंजायमान हो उठा। अखंड रामायण पाठ के बाद हवन, पूर्णाहुति व महाआरती के बाद भंडारा लगा। आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति सदस्य व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।