🔳 तीन महीने पहले जेई का तबादला आदेश हो चुका जारी
🔳 कांग्रेस एससी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष ने जेई के खिलाफ खोला मोर्चा
🔳 मुख्य विकास अधिकारी को शिकायती पत्र भेज उठाई कार्रवाई की मांग
🔳 मनमाना रवैया अपनाए जाने पर आंदोलन की रणनीति तैयार करने का ऐलान
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक में मनरेगा के अवर अभियंता का तबादला होने के बावजूद अवर अभियंता के तीन महीने बाद भी नए तैनाती स्थल पर न जाकर बेतालघाट में ही डटे रहने पर कांग्रेस अनुसुचित मोर्चे के जिला उपाध्यक्ष ने मोर्चा खोल दिया है। मुख्य विकास अधिकारी को शिकायती पत्र भेज मामले में कार्रवाई कर अवर अभियंता को ब्लॉक से तत्काल हटाए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि मनमाना रवैया अपनाया गया तो कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता आंदोलन को विवश हो जाएंगे।
बेतालघाट क्षेत्र में राजस्व उपनिरीक्षक का मामला तूल पकड़ने के बाद अब ब्लॉक मुख्यालय में मनरेगा के अवर अभियंता पद पर तैनात कर्मचारी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए है। कांग्रेस अनुसुचित मोर्चे के जिला उपाध्यक्ष नवीन चंद्र आर्या ने मुख्य विकास अधिकारी अशोक पांडे को शिकायती पत्र भेज बताया है की ब्लॉक में मनरेगा जेई ललित शर्मा का सात नवंबर को तबादला ओखलकांडा ब्लॉक कर दिया गया। बकायदा जिला विकास अधिकारी के कार्यालय से तबादले के संबंध में आदेश भी जारी हुए और ललित शर्मा को तत्काल ओखलकांडा ब्लॉक में ज्वाइन करने के निर्देश दिए गए। उसके स्थान पर ओखलकांडा से दूसरे अवर अभियंता सौरभ मेहता को बेतालघाट भेजा गया पर तीन महीने बीत जाने के बावजूद अब तक अवर अभियंता बेतालघाट में ही डटा हुआ है। जिला उपाध्यक्ष नवीन चंद्र ने आरोप लगाया है की अवर अभियंता जहां उच्चाधिकारियों के आदेश तक का पालन नहीं कर रहा वहीं उसकी मनमानी से क्षेत्र में कई कार्ययोजनाएं प्रभावित हो रही है। आरोप लगाया उच्चाधिकारियों के निर्देश के बावजूद अवर अभियंता को अब तक बेतालघाट से कार्यमुक्त न कर सरकारी आदेश की भी धज्जियां उड़ाई जा रही है। दो टूक चेताया है यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो फिर मजबूरन आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। सहायक खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार के अनुसार पुराने कार्यों के निस्तारण के बाद अतिशीघ्र अवर अभियंता को कार्य मुक्त कर दिया जाएगा।