🔳वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर आबादी की ओर बढ़ती आग पर पाया काबू
🔳जंगल से धधकी आग की लपटे आबादी तक पहुंचने से हड़कंप
🔳दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
🔳अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटा लोहारी का जंगल भी आग से हुआ राख
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
एक के बाद एक जंगलो में धधकती आग मानव जीवन के लिए खतरा बनती जा रही है। बेतालघाट ब्लॉक के नौघर गांव के चौखुडिया तोक में धधकी आग आबादी तक पहुंचने से अफरा तफरी मच गई। गनीमत रही की वन विभाग व गांव की महिलाओं ने अभियान चलाकर आग पर काबू पा लिया और बडा़ हादसा टल गया। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटा लोहाली का जंगल भी आग से राख हो गया।
समीपवर्ती खैरनी गांव में बीते गुरुवार को आग कि लपटें पहुंचने के बाद हरकत में आए दमकल विभाग ने बामुश्किल काबू पाया हालांकि गांव से सटा जंगल धूं-धूं कर सुलगता रहा। शुक्रवार को ब्लॉक के नौघर गांव के चौखुडिया तोक तक वनाग्नि पहुंच गई। आबादी तक आग के पहुंचने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रुप ले लिया। वन संपदा व मवेशियों की चारा पत्ती भी आग की भेंट चढ़ गई। वन विभाग के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे और गांव की महिलाओं को साथ लेकर आगे बुझाने का कार्य शुरु किया गया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आबादी तक पहुंच चुकी आग पर बामुश्किल काबू पाया जा सका। इस दौरान वन विभाग के मोहन जोशी, कपिल पंत, सरपंच तारा पांडे, जानकी लोहिया, लीला देवी, खष्टी देवी, आंनदी देवी, भगा देवी, राधा देवी, अंजू बिष्ट, तारा आदि मौजूद रहे। इधर अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे लोहाली गांव का जंगल भी आग की चपेट में आ गया। देर शाम तक जंगल से धुएं का गुबार उठता रहा। जंगलों में आग धधकने से पहाड़ में तपिश भी बढ़ गई है।




